
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रविवार को प्रदेश भर में दिन के पारे में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और शाम के समय ठंडक का अहसास बढ़ गया। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी और उमरिया में अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। वहीं खरगोन में दिन का तापमान सर्वाधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार की सुबह विदिशा और टीकमगढ़ में घना कोहरा छाया। विदिशा में दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा और बूंदाबांदी हुई । छतरपुर के खजुराहो में सर्वाधिक 5.0 मिलीमीटर, सीधी में 3.4 मिलीमीटर, राजगढ़ व टीकमगढ़ में 3.0-3.0 मिलीमीटर वर्षा हुई।
इसके अलावा नौगांव, ग्वालियर, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर में भी हल्की वर्षा दर्ज की गई। दिन के समय केवल उमरिया में 1.0 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि शेष जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकांश जिलों में सुबह के वक्त नमी 85 से 98 प्रतिशत तक रही।
मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणाली तीन नवंबर तक तटीय सीमा तक पहुंचेगी, लेकिन यह प्रणाली अधिक शक्तिशाली नहीं है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश से गुजर चुके चक्रवात के चलते आ रही नमी के कारण दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में पांच नवंबर तक कहीं-कहीं गरज-चमक के आसार हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में उधार दिया सामान मांगने पर दोस्त ने युवती को कार में पीटा, चलती गाड़ी से उतरकर भागी पीड़िता
पश्चिमी और मध्य हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। वहीं, नवंबर के दूसरे सप्ताह से ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के असर से तापमान में तीव्र गिरावट और ठंड बढ़ने का अनुमान है।
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 26.2 | 19.6 |
| इंदौर | 27.3 | 19.5 |
| ग्वालियर | 29.9 | 20.7 |
| जबलपुर | 25.1 | 19.4 |
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में