
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से मौसम में ठंडक धीरे-धीरे घुल रही है, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वर्तमान में पूरे प्रदेश का आसमान साफ है और वातावरण शुष्क है। दिन के समय चटख धूप खिलने से राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को दिन के पारे में सबसे ज्यादा गिरावट छतरपुर जिले के नौगांव में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 2.7 डिग्री लुढ़ककर 30.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके अलावा बैतूल में 28.9 डिग्री में 1.6 डिग्री और नरसिंहपुर में 30.8 डिग्री में 1.0 डिग्री की गिरावट आई।
रात के पारे में भी तेज गिरावट देखी गई है। इंदौर में रात के तापमान में 3.9 डिग्री की भारी कमी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं सिवनी में न्यूनतम पारा 4.9 डिग्री गिरकर 15.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 2.7 डिग्री लुढ़ककर 12.6 डिग्री, दमोह में 2.7 डिग्री गिरकर 12.2 डिग्री और रतलाम में रात का पारा 0.8 डिग्री कम होकर 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दमोह, छिंदवाड़ा, उमरिया में 12.7 डिग्री और इंदौर इस समय सबसे सर्द रातों का सामना कर रहे हैं। पचमढ़ी और भोपाल की रात का तापमान एक समान रहा।
यह भी पढ़ें- TI हत्याकांड मामला: पेट्रोल पंप की आड़ में शराब का धंधा, फास्टैग डेटा से तस्करी के रूट का खुलासा
मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि आने वाले चार दिनों में पूर्वी प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री की और गिरावट आने की पूरी संभावना है। वातावरण पूरी तरह शुष्क रहने और हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी बने रहने से रात और सुबह की ठंडक में अभी और इजाफा होगा।
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 32.0 -- 12.8
इंदौर -- 31.0 -- 12.0
ग्वालियर -- 33.0 -- 16.8
जबलपुर -- 32.0 -- 13.5
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में