
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नवंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में रात का तापमान तेजी से गिर रहा है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं दमोह में पारा छह डिग्री पर पहुंचा और शीतलहर का असर भी रहा। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 6.2 और अनूपपुर के अमरकंटक में 7.3 डिग्री दर्ज किया गया। इसके उलट, नर्मदापुरम में रात का तापमान 16 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, दो दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट के आसार हैं। हालांकि, शनिवार को दिन के तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई। नर्मदापुरम 30.8 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।
गुना में 30.5, धार में 30.2 और इंदौर में 30.1 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां तीन दिन की शीतलहर के बाद हालात सामान्य हुए हैं, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। स्वास्थ्य विभाग ने शीतलहर के दौरान सावधान रहने को कहा है।
पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। एक मोटे कपड़े के बजाय कई परतों में गर्म कपड़े पहनना अधिक प्रभावी है। सिर, गर्दन, कान, हाथ और पैर ढककर रखें तथा टोपी, मफलर, दस्ताने और गर्म जूतों का उपयोग करें। अत्यधिक ठंड और ठंडी हवाओं से बचें। अनावश्यक यात्रा न करें और घर से बाहर निकलने से परहेज करें।
संतुलित व पौष्टिक आहार लें, विटामिन-सी वाले फल-सब्जियां खाएं और गर्म पेय के साथ पर्याप्त पानी पिएं। गीले कपड़े तुरंत बदलें और शरीर सूखा रखें। बुजुर्गों, बच्चों और अकेले रहने वालों का विशेष ध्यान रखें। मदिरा से बचें और बंद कमरे में अंगीठी या कोयला जलाकर न सोएं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखें। (स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी के अनुसार)
यह भी पढ़ें- एमपी में किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने की तैयारी, सरकार ने केंद्र से मांगी 1500 मेगावाट बिजली
अत्यधिक कंपकंपी, थकान, बोलने में कठिनाई, भ्रम, बहुत नींद आना, मांसपेशियों में अकड़न, सांस धीमी होना और बेहोशी हाइपोथर्मिया के प्रमुख लक्षण हैं। शिशुओं की त्वचा बहुत ठंडी और लाल होना तथा असामान्य सुस्ती भी इसके संकेत हो सकते हैं।
ऐसे लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत गर्म और सुरक्षित जगह ले जाएं। गीले कपड़े हटाकर सूखे गर्म कपड़े और कंबल से ढकें। गर्म पेय तभी दें, जब व्यक्ति पूरी तरह होश में हो और निगल सके। बेहोश व्यक्ति को कुछ न खिलाएं-पिलाएं और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्था पहुंचाएं।