
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। रबी फसल की सिंचाई का सीजन होने के कारण प्रदेश में बिजली की मांग बढ़ी है, आने वाले माह में और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने केंद्र सरकार से केंद्रीय अनावंटित कोटे से मध्य प्रदेश को 1000 से 1500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया है। खासतौर पर फरवरी की पीक अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह मांग रखी गई है।
वहीं, उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के दौरान 15 मार्च से 31 मई तक लगभग 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की जरूरत होगी। इसके लिए भी केंद्र से तीन माह तक अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया गया है। नई दिल्ली में 27 और 28 नवंबर को आयोजित विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री तोमर ने प्रदेश की बिजली जरूरतों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को सामने रखा।
उन्होंने बताया कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग में औसतन 11.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह वृद्धि मात्र 1.8 प्रतिशत थी। अक्टूबर में अधिकतम मांग पिछले वर्ष के मुकाबले 30.7 प्रतिशत अधिक रही।
यह भी पढ़ें- रतलाम में छात्रों के लगातार प्रदर्शन की होगी जांच, प्रभारी प्रिंसिपल-वार्डन हटाए, 15 दिन में आएगी रिपोर्ट
सम्मेलन में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली देने की योजना के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा गया। इसके तहत 7441 कृषि फीडरों का पूरा भार दिन के समय स्थानांतरित करने के लिए 9,864.79 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें 5,918.87 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता मांगी गई है।