
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव का दौर जारी है। पछुआ हवाओं में बने ट्रफ और 232 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम हवाओं ने पूरे प्रदेश को ठिठुरा दिया है। गुरुवार को रीवा, सतना और दमोह जैसे जिले कोल्ड-डे की चपेट में रहे, जबकि छतरपुर के बड़ामलहरा में तीन मिमी बारिश हुई।
अमरकंटक में एक मिमी बारिश के बाद ठंड में और इजाफा हो गया। प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ। खजुराहो में दृश्यता 100 मीटर और ग्वालियर में 300 मीटर रही। तापमान की बात करें तो राजगढ़ सात डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जबकि खंडवा में अधिकतम पारा 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
रीवा संभाग में दिन के तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट देखी गई। इससे वहां कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटों के लिए पूर्वी प्रदेश के इलाकों में कड़ाके की ठंड और कोहरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आठ फरवरी की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसका असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा। प्रदेश पश्चिमी हिस्से में अगले दो दिन तक बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश में रातें और अधिक सर्द होंगी।