
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। सुबह नौ बजे से ही तेज धूप चुभने लगी है और दोपहर तीन बजे तक ऐसा महसूस हो रहा है मानो सूरज आग उगल रहा हो। बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है और लोग बाहर निकलने से बचने लगे हैं। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई।
सबसे अधिक तापमान धार में 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी इलाकों में नर्मदापुरम, इंदौर और रतलाम का अधिकतम तापमान 38 डिग्री रहा। रात के समय भी ठंडक गायब होना शुरू हो गई है। धार में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और ग्वालियर, नर्मदापुरम, खंडवा और खरगोन में 19 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ ऐसा ही हाल पूर्वी हिस्सों में देखने को मिला। दमोह, खजुराहो, सागर और टीकमगढ़ में दिन का तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि सागर, सिवनी और सीधी में रात का तापमान 20 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं होगा। मौसम केंद्र के अनुसार सिस्टम तो कई सारे हैं, लेकिन प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला फिलहाल कोई सिस्टम नहीं है। दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है, जबकि एक ट्रफ मराठवाड़ा, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ तक फैली हुई है। इसके अलावा मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है, जिससे मौसम के मिजाज में बदलाव बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- MP बना उड़द की खरीद पर बोनस देने वाला पहला राज्य, ₹600 प्रति क्विंटल किसानों को मिलेगा बोनस
अधिकतम - न्यूनतम
भोपाल - 36.2 - 14.4
इंदौर - 36.8 - 15.6
ग्वालियर - 37.2 - 19.1
जबलपुर - 36.6 - 18.2
नोट - तापमान डिग्री सेल्सियस में