
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में अब धीरे-धीरे गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। आसमान पूरी तरह साफ रहने और सूरज की सीधी किरणें धरती पर पड़ने से दिन के तापमान में औसतन एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी बुधवार को दर्ज की गई। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान खंडवा में 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान कटनी जिले के करौंदी में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन के तापमान में ज्यादा वृद्धि हुई।
खरगोन में 34.4, उज्जैन में 33.5, नर्मदापुरम में 33 और रतलाम में 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। पूर्वी क्षेत्रों में छिंदवाड़ा में 29.9, मलाजखंड 29.3 और रीवा में 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नरसिंहपुर में तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा।

पचमढ़ी को छोड़कर अधिकांश संभागों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान एक से डेढ़ डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं।