
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश का मौसम शुष्क होते ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। सोमवार को मालवा क्षेत्र के रतलाम का तापमान 45.0 डिग्री और धार का 44.0 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री तक ऊपर जा पहुंचा। लिहाजा उक्त जिले लू की चपेट में रहे। वहीं पूर्वी हिस्सों में भी तापमान 41 डिग्री के पार निकल गया है।
मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही एक द्रोणी दक्षिण-पश्चिम एमपी से लेकर छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल तक जा रही है। इन प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले चार दिनों में झुलसाने वाली गर्मी बढ़ेगी और तापमान में दो से चार डिग्री की और बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में गर्मी का भारी असर देखा गया। पश्चिमी क्षेत्र में दतिया, ग्वालियर और नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी को छोड़ दें, तो शेष सभी जिलों में पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया। पूर्वी क्षेत्रों में रीवा, सतना और सिवनी जैसे कुछ जिलों को छोड़कर बाकी हिस्सों में कड़ी धूप ने लोगों को बेहाल किया।
आने वाले दिनों में रीवा और सतना जैसे जिलों में भी पारा 40 डिग्री के स्तर को पार कर जाएगा, जिससे पूरे प्रदेश में तपन और बढ़ेगी। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि होगी।
यह भी पढ़ें- Ladli Behna Yojana: आ गई तारीख... इस दिन लाडली बहनों के खाते में आएंगे 1500 रुपये
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 41.2 | 25.0 |
| इंदौर | 43.2 | 24.7 |
| ग्वालियर | 39.0 | 26.0 |
| जबलपुर | 40.8 | 23.6 |
नोट - तापमान डिग्री सेल्सियस में