नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बांग्लादेश में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मानसून द्रोणिका भी हिमालय की तलहटी से वापस आ गई है। इस वजह से एक बार फिर मानसून सक्रिय होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं के साथ नमी आने के कारण शनिवार, रविवार को रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आज मध्य प्रदेश के 17 जिलों जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया में बारिश हो सकती है।
उधर 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। उसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मंडला में 34, सीधी में 32, नौगांव में 17, रीवा एवं सतना में नौ, उमरिया में छह, नर्मदापुरम में पांच और छिंदवाड़ा में चार मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे अधिक 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान श्योपुर में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि मानसून द्रोणिका वर्तमान में फिरोजपुर, चंडीगढ़, देहरादून, खीरी, पटना, बांकुरा, दीघा से होकर बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश से दक्षिणी बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र से होकर जा रही है। 13 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून द्रोणिका हिमालय की तलहटी से नीचे आ गई है। मध्य बांग्लादेश में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश, जानें कैसा रहेगा आपके राज्य में मौसम का हाल
इस वजह से पूर्वी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। शनिवार, रविवार को भी रीवा, शहडोल एवं जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रीवा में 102. 2, सतना में 26.7, सीधी में 14.2,उमरिया में 6.4, गुना में दो मिमी. बारिश हुई।