तस्करों के निशाने पर MP की प्राचीन विरासत; हर दो साल में चोरी, अब तक गायब हुईं 13 धरोहर
मध्य प्रदेश के संग्रहालयों और स्मारकों से वर्ष 2000 से अब तक 13 बहुमूल्य धरोहरें चोरी हो चुकी हैं, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं मिला है।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 10:38:47 AM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 10:38:47 AM (IST)
फोटो एआई से तैयार की गई है।HighLights
- 13 बेशकीमती पुरासंपदाएं चोरी
- नरवर दुर्ग से प्राचीन तोप चोरी
- पहली बार विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर तस्करों की नजर लंबे समय से बनी हुई है। आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश के संग्रहालयों से औसतन हर दो साल में एक बेशकीमती पुरासंपदा चोरी हो रही है। वर्ष 2000 से लेकर अब तक राज्य के विभिन्न संग्रहालय और स्मारकों से कुल 13 बहुमूल्य पुरासंपदाएं चोरी हो चुकी हैं, जिनका आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुरासंपदाओं की सुरक्षा और आमजन में इनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पहली बार 14 नवंबर को ''सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस'' के अवसर पर श्यामला हिल्स स्थित राज्य संग्रहालय में एक विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
नरवर दुर्ग की घटना ने बढ़ाई चिंता
सांस्कृतिक संपदा की अवैध तस्करी (इलिसिट ट्रैफिकिंग) पूरे देश के लिए एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। गत 27-28 अक्टूबर को शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर दुर्ग से एक प्राचीन तोप के चोरी होने की घटना ने पुरातत्व विभाग और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता को और बढ़ा दिया है।वहीं दो साल पूर्व राज्य संग्रहालय में भी चोरी का प्रयास हो चुका है। ऐसे में इस वर्ष यह अंतरराष्ट्रीय दिवस मप्र के लिए विशेष रूप से प्रासंगिक हो गया है।
संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय मप्र द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी के जरिए विरासत के संरक्षण का कड़ा संदेश दिया जाएगा।इसके जरिए आमलोगों और दर्शकों को जागरूक किया जाएगा।
प्रदर्शनी में दिखेगा चोरी और वापसी का सफर
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से लगने वाली प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य संग्रहालयों में मौजूद बेशकीमती धरोहरों के महत्व से आम लोगों को अवगत कराना है। इसमें न केवल प्रदेश और देश से चोरी हुई पुरासंपदाओं की तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी, बल्कि उन दुर्लभ कलाकृतियों के छायाचित्र भी लगाए जाएंगे जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद पुनर्प्राप्त किया गया है या विदेशों से स्वदेश वापस लाया गया है। इसके माध्यम से यूनेस्को के वैश्विक संदेश- ''तस्करी रोकें, संस्कृति बचाएं'' को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह प्रदर्शनी 21 नवंबर तक रहेगी।
यह है यूनेस्को का 1970 का अभिसमय
यूनेस्को के तत्वावधान में प्रतिवर्ष 14 नवंबर को यह अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 14 नवंबर 2026 को सातवां अंतरराष्ट्रीय दिवस मनाया जा रहा है, जो वर्ष 1970 के ऐतिहासिक यूनेस्को अभिसमय (कन्वेशन) की 56वीं वर्षगांठ भी है।
इस अभिसमय का मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक संपत्ति की चोरी, लूट और अवैध व्यापार को रोकना तथा चोरी गई वस्तुओं की उनके मूल देश में वापसी सुनिश्चित करना है। भारत ने 24 जनवरी 1977 को इस अंतरराष्ट्रीय अभिसमय का अनुसमर्थन किया था, जिसके तहत देश की ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इलिसिट ट्रैफिकिंग में बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय हैं। इसे रोकने के लिए हमने कई सेमिनार, इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रयास,विद्यार्थियों और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय के बाद मप्र में पहली बार छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विरासतों के महत्व और नियम- कानूनों के बारे में भी बताया जाएगा। - डॉ. मनीषा शर्मा, संयुक्त संचालक, संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय