
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। आधी रात को हेलमेट पहने एक युवक गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर पहुंचा। उसने पिस्टल निकाली और एक के बाद एक छह गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात गार्ड बदमाश की ओर दौड़ा, लेकिन वह भागने में सफल रहा। गांधी नगर पुलिस को मौके से छह खाली कारतूस मिले हैं। सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर गार्ड बुद्धदेव सेन तैनात थे। इसी दौरान हेलमेट पहने युवक वहां पहुंचा और पिस्टल से लगातार छह फायर कर दिए। गोलियों की आवाज सुनते ही गार्ड उसकी तरफ दौड़ा, लेकिन बदमाश कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गया।
गार्ड ने तत्काल सिक्योरिटी इंचार्ज प्रमोद पटेल को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर छह खाली कारतूस बरामद किए। देर रात तक पुलिस को कोई ऐसा सीसीटीवी फुटेज या अहम सुराग नहीं मिला था, जिससे बदमाश की पहचान हो सके।
पुलिस फायरिंग के पीछे की वजह तलाश रही है। जांच में यह एंगल भी शामिल किया गया है कि कहीं कॉलोनी के बिल्डर को डराने के इरादे से तो हवाई फायर नहीं किए गए। हालांकि, इस आशंका की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- कार की किस्त बकाया होने पर बैंक मैनेजर ने शटर गिराकर युवक को तीन घंटे बनाया बंधक, टीआई से भी की बहस
यह भी पढ़ें- इंदौर के उपड़ीनाथा में आधी रात को हथियार लेकर घुसे पांच बदमाश, चार घरों में लगाई सेंध