
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने कलियासोत डेम के कैचमेंट एरिया से 15 डेयरियां हटाईं, वहीं संपदा संचालनालय के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीटी नगर स्थित चक्की चौराहा क्षेत्र में 89 आवास खाली कराकर तालाबंदी कराई। इसके अलावा मेट्रो परियोजना में बाधक दुकानों को हटाने के निर्देश दिए गए और एक अवैध गुमटी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार निगम के अतिक्रमण अमले ने कलियासोत डेम के कैचमेंट एरिया स्थित सिंगपुर गांव में संचालित 15 डेयरियों को हटाकर अतिक्रमण ध्वस्त किया। अतिक्रमण प्रभारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया के अनुसार डेयरियां डेम के कैचमेंट क्षेत्र में संचालित हो रही थीं। टीटी नगर एसडीएम द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्धारित अवधि में इन्हें नहीं हटाया गया, जिसके बाद निगम ने कार्रवाई की।
इधर, संपदा संचालनालय की कार्रवाई में सहयोग करते हुए निगम के अमले ने टीटी नगर के चक्की चौराहा क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे परिवारों के कब्जे वाले 89 आवास खाली कराए और कई आवासों में तालाबंदी की कार्रवाई कराई। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में करीब 200 आवासों को खाली कराया जाना है, शेष रहवासियों को निर्धारित समय दिया गया है।
यह भी पढ़ें- MP राज्यसभा चुनाव का गणित: भाजपा को तीसरी सीट के लिए चाहिए 8 अतिरिक्त वोट, अभी हैं 50 विधायक
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अटल भवन स्थित नवीन निगम मुख्यालय के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखी एक बड़ी अवैध गुमटी भी जब्त की गई। वहीं मेट्रो रेल कार्पोरेशन के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर रोशनपुरा क्षेत्र में ब्लू लाइन मेट्रो निर्माण में बाधक 30 दुकानों के संचालकों को दो दिन में चिह्नित सीमा तक अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहरभर में अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।