भोपाल में कचरा प्लांट पर 'हाईवोल्टेज ड्रामा': AHO से धक्कामुक्की कर छीना मोबाइल, थाने पहुंचा विवाद; कर्मचारियों ने बंद किया काम
विवाद बढ़ने पर एएचओ राम रतन लोहिया ने मोबाइल से रिकॉर्डिंग की कोशिश की। कर्मचारियों पर मोबाइल छीनने और धक्कामुक्की का आरोप है। एएचओ ने निशातपुरा थाने ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 19 Sep 2026 11:12:07 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Sep 2026 11:20:11 PM (IST)
आरिफ नगर कचरा प्लांट में कर्मचारियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया - वीडियोग्रैबHighLights
- नगर निगम के कचरा प्लांट में कर्मचारियों का हंगामा, काम ठप
- एएचओ पर शोषण और समस्याओं की अनदेखी के आरोप
- मोबाइल छीनने और धक्कामुक्की के आरोप, थाने पहुंचा मामला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नगर निगम के जोन-17 स्थित आरिफ नगर कचरा प्लांट में कर्मचारियों के विरोध के चलते शनिवार को कामकाज ठप हो गया। कर्मचारियों ने सहायक स्वास्थ्य अधिकारी (एएचओ) राम रतन लोहिया पर समस्याओं की अनदेखी और शोषण के आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया।
हड़ताल के कारण प्लांट में कचरा निपटान समेत अन्य काम प्रभावित हुए।
कर्मचारियों के साथ हुआ विवाद
कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले करीब 15 दिन से अपनी समस्याओं को लेकर एएचओ से मिलने का समय मांग रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद संयुक्त मोर्चा और यूनियन नेताओं के साथ कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया।
कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के लिए एएचओ को मंडी गेट पर बुलाया गया।यहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।
एक कर्मचारी द्वारा एएचओ से गाली-गलौज किए जाने का आरोप है। एएचओ ने घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग के लिए मोबाइल निकाला, जिसे कर्मचारियों द्वारा छीन लिया गया। इस दौरान उनके साथ धक्कामुक्की की गई ।
थाने में दिया शिकायती आवेदन
विवाद के बाद एएचओ राम रतन लोहिया निशातपुरा थाने पहुंचे और घटना को लेकर आवेदन दिया। उन्होंने मौके की वीडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
इधर, कर्मचारियों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं होने से उन्हें काम बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कर्मचारियों ने अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर समस्याओं के समाधान की मांग की है।