
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नजीराबाद थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गढ़ाकला में दो व्यक्ति हाथ में बैग लिए खड़े हैं, जिसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा है और वे किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की दो टीमों ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपितों की पहचान ग्राम गढ़ाकला निवासी मांगीलाल योगी (60) और उनके पुत्र राजू योगी नाथ के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब उनसे यह पूछताछ कर रही है कि वे गांजा कहां से खरीदकर लाते थे और किसे सप्लाई करते थे।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) प्रमोद कुमार सोनकर और एसडीओपी (बैरसिया) वैशाली सिंह कराहलिया के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष तस्कर विरोधी अभियान के तहत की गई है।
यह भी पढ़ें- 'वोट चोरी रैली' से 'गायब' रहे तो गिरी गाज, युवा कांग्रेस आगर-मालवा जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान सस्पेंड