
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। आनंदपुर धाम ट्रस्ट की भूमि के नामांतरण से जुडी शिकायत के चलते अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह को सरकार ने बुधवार को हटा दिया। चुनाव आयोग से अनुमति लेकर कर्मचारी चयन मंडल के संचालक साकेत मालवीय को कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं, आदित्य सिंह संचालक भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास होंगे।सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश पर आदित्य सिंह को हटाने का कदम उठाया गया। आनंदपुर धाम ट्रस्ट के भूमि नामांतरण से जुड़े मामले को लेकर शिकायत हुई थी।
यह वही ट्रस्ट है, जहां अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आए थे। यह 315 हेक्टेयर में फैला है और शिक्षा, स्वास्थ्य और पशु कल्याण के क्षेत्र में कई परियोजनाएं संचालित करता है। एक चैरिटेबल अस्पताल, कई स्कूल और एक बड़ी गोशाला भी है।
यह भी पढ़ें- महिलाओं ने कहा- विधायक ने हमारी जमीन पर किया कब्जा - धरमपुरी से भाजपा विधायक के साथ मारपीट का मामला
शिकायत को गंभीरता से लिया गया और बुधवार देर रात सामान्य प्रशासन विभाग ने कलेक्टर को हटाने के आदेश जारी किए। साकेत मालवीय को कलेक्टर बनाए जाने से कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार अपर सचिव सामान्य प्रशासन अजय कटेसरिया को दिया गया है।