
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) रहे दीपम रायचुरा को पूर्व पदस्थापना के दौरान एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के कथित बयान के बाद चर्चा में आए मोहित गोगिया के विरुद्ध मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने भोपाल की विशेष कोर्ट में चालान प्रस्तुत कर दिया है।
मोहित पर भोपाल की डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी से बैंक का लोन सेटल कराने के नाम पर 10 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।
भरोसा जीतने के लिए आरोपित ने फर्जी चैट दिखाकर कहा था कि एसबीआइ की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। ईओडब्ल्यू की जांच में बैंक ने इसे नकार दिया है। किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त, 2025 में एफआइआर दर्ज की थी।
मोहित पर दिल्ली, पंजाब, गोवा सहित कई राज्यों में ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच टीम ने उसे पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।
बता दें, इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित गोगिया के कथित बयान में भोपाल में दो शराब दुकान लेने के लिए एक करोड़ रुपये रिश्वत देने और दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में दीपम रायचुरा द्वारा सहयोग किए जाने की बात सामने आई थी। विभाग की जांच में एफडीआर फर्जी होने की पुष्टि भी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें- जमीन विवाद में डबल मर्डर, जेठ ने की छोटे भाई की पत्नी और भतीजे की हत्या, धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट
मोहित ने किशन को बताया था कि उसकी (मोदी की) कंपनी के करीब 240 करोड़ रुपये के बैंक ऋण का निपटारा वह 100 करोड़ रुपये में करा देगा। इसमें 70 करोड़ रुपये जमीन की बिक्री से समायोजित होने थे, जबकि 30 करोड़ रुपये मोहित की फर्म एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के खाते में जमा कराने थे।
गोगिया ने दावा किया कि उसका कमीशन बैंक से ही मिलता है, जिस पर भरोसा कर किशन ने अप्रैल से मई 2025 के बीच 10 करोड़ रुपये मोहित की फर्म के खातों में भेजे। इसके अलावा ढाई करोड़ रुपये नकद दिए जाने की बात कही है।
मामले में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना और आइटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।