
नवदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। पैतृक संपत्ति के विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में धकेल दिया कि रिश्तों का ही खून हो गया। सिवनी मालवा थाना क्षेत्र के ग्राम सोमलवाड़ा में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में संतोष वर्मा उर्फ टिन्नी दादा उम्र 50 वर्ष ने अपनी छोटे भाई की पत्नी मंजू वर्मा उम्र 40 वर्ष और भतीजे सृजल उर्फ श्रद्धेय वर्मा उम्र 21 वर्ष की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि ग्राम सोमलवाड़ा में खेत में बने टप्पर के पास दो लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही सिवनी मालवा पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, ओमप्रकाश रघुवंशी के खेत में बने टप्पर के पास मंजू वर्मा, पत्नी स्वर्गीय नारायण वर्मा और उनके पुत्र सृजल उर्फ श्रद्धेय वर्मा के शव खून से लथपथ अवस्था में मिले। दोनों ग्राम सोमलवाड़ा के निवासी थे।
घटनास्थल पर मौजूद खेत में काम करने वाले दिनेश कलमे (19), निवासी ग्राम जाटामऊ की सूचना पर पुलिस ने देहाती मर्ग कायम किया। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत थाना सिवनी मालवा में अपराध क्रमांक 852/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और आरोपी से पूछताछ में हत्या की वजह पैतृक जमीन का विवाद सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम सोमलवाड़ा में परिवार की करीब पौने छह एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
जमीन में हिस्सेदारी और खेती करने के अधिकार को लेकर तनाव बना हुआ था। घटना के दिन भी इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपनी छोटे भाई की पत्नी और भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने घटनास्थल की कार्रवाई तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में पुलिस टीम ने एफएसएल विशेषज्ञ डॉ. ऋषिकेश यादव और फिंगरप्रिंट टीम के निरीक्षक पवन चतुर्वेदी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर सिविल अस्पताल सिवनी मालवा में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर विवेचना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, लांबाखेड़ा में 2 एकड़ में बन रही सड़कें ध्वस्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने संतोष वर्मा उर्फ टिन्नी दादा, पिता शंकरलाल वर्मा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सोमलवाड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पैतृक जमीन के विवाद को लेकर मंजू वर्मा और सृजल वर्मा की धारदार हथियार से हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त किया है।
पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2022 में मारपीट का एक अन्य प्रकरण दर्ज होना भी बताया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
दोहरे हत्याकांड की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी नवीन पांडे, उपनिरीक्षक खुमान सिंह पटेल, सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पांडे, प्रधान आरक्षक प्रीतम बाबरिया, पंकज धोटे, आरक्षक अर्जुन गुर्जर, मुरारी गौर, आयुष शुक्ला, सुमित काजवे, गणेश साठे, अभिषेक आठले, महिला आरक्षक आरती सहित अन्य थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।