MP कांग्रेस में नई पीढ़ी को कमान, चुनावों में जीतू पटवारी व उमंग सिंघार की रहेगी अहम भूमिका
दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि अगला विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। नकुल नाथ ने भोपाल में दीपावली मिलन कार्यक्रम कर सक्रियता के संकेत दिए।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 01:43:50 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 01:56:53 PM (IST)
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार । फाइल फोटो।HighLights
- MP में नई पीढ़ी के कंधों पर कांग्रेस की जिम्मेदारी
- पटवारी और सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा चुनाव
- युवा नेताओं को संगठन में दायित्व मिले
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में अब कांग्रेस की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है। आगामी नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इनकी अहम भूमिका रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अब सक्रिय राजनीति से दूर हैं, वहीं दिग्विजय सिंह ने साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
उधर, शनिवार को ही कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ ने भोपाल में दीपावली मिलन कार्यक्रम करके प्रदेश में सक्रिय होने के संकेत दिए।
युवाओं नेताओं पर फोकस
जीतू पटवारी ने भी कहा कि प्रदेश में युवा नेताओं की बड़ी टीम है, जो भाजपा से मुकाबले के लिए तैयार है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से तैयार करने का जो कार्यक्रम चलाया उसके बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर तक नई टीम तैयार करने का दावा किया गया है।
संगठन विस्तार की कवायद
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के बेटे डॉ. विक्रांत भूरिया, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुभाष यादव के बेटे अरुण यादव और सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत, रजनीश सिंह, हेमंत कटारे सहित अन्य नेताओं ने राजनीतिक विरासत संभाल ली है। केंद्रीय संगठन ने ओबीसी और आदिवासी समिति में युवा नेताओं को शामिल कर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में कांग्रेस की जिम्मेदारी अब इन्हीं के कंधों पर रहेगी।
विक्रांत भूरिया, अरुण यादव, सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, कुणाल चौधरी, भूपेंद्र मरावी और हिना कांवरे को अलग-अलग दायित्व देकर जिस तरह से केंद्रीय संगठन आगे बढ़ा रहा है, उससे साफ है कि आगामी चुनावों में इनकी बड़ी भूमिका रहेगी।
कमल नाथ ने युवा पीढ़ी को दिया था बढ़ावा वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ ने 16 ऐसे नेताओं को सीधे कैबिनेट मंत्री बनाया था, तो दूसरी बार चुनाव जीते थे। इसमें जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत, ओमकार सिंह मरकाम शामिल थे।