
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गांधीनगर थाना क्षेत्र में पति से विवाद के बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता ने नेशनल हाईवे-46 पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला की बुधवार सुबह हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे बचाने की कोशिश में पति के हाथ भी झुलस गए। घटना 18 अक्टूबर की रात बायपास रोड पर प्रिंस ढाबे के सामने हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार छिंदवाड़ा निवासी दीपाली प्रजापति की करीब छह महीने पहले रोहित कुशवाह से शादी हुई थी। दोनों की पहचान इंटरनेट मीडिया के जरिए हुई थी। शादी के बाद वे भोपाल के करोंद स्थित पूजा कालोनी में किराये से रह रहे थे। दीपाली 17 अक्टूबर को ग्वालियर से भोपाल लौटी थी।
18 अक्टूबर की रात रोहित बाइक से दीपाली को चाय पिलाने के लिए ले गया था। चाय पीने के बाद लौटते समय प्रिंस ढाबे के सामने किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस पर दीपाली ने बाइक रुकवाई और अपने बैग में रखी पेट्रोल की बोतल निकालकर सड़क किनारे खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
दीपाली को आग की लपटों में घिरा देख रोहित ने उसे बचाने की कोशिश की। उसने अपनी शर्ट उतारकर आग बुझाई, लेकिन तब तक दीपाली बुरी तरह झुलस चुकी थी। इस दौरान रोहित के हाथ भी झुलस गए। गंभीर हालत में दीपाली को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई।
गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि दीपाली ने मृत्युपूर्व बयान में आवेश में आकर खुद आग लगाने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी तीन बार खुदकुशी की कोशिश कर चुकी थी। फिलहाल स्वजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 5 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, 6 रुपये की बढ़ोतरी को बताया 'ऊंट के मुंह में जीरा'