MP के गुना में बजरंगगढ़ किले के पास ब्लास्टिंग व खनन पर NGT सख्त, 5 विभागों को नोटिस
गुना कलेक्टर सहित पांच विभागों के अधिकारियों से 15 दिसंबर तक जवाब मांगा गया है। मामले की अगली सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 02:09:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 02:09:59 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- गुना के बजरंगगढ़ किले पर खनन का खतरा
- 10 साल में नौ खनन पट्टे आवंटित करने का आरोप
- गुना कलेक्टर सहित पांच विभागों को नोटिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गुना जिले के ऐतिहासिक बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों पर खनन और ब्लास्टिंग से धरोहर व आसपास के रहवासी क्षेत्रों को नुकसान पहुंच रहा है। गुना में 16वीं-17वीं सदी के इस किले के आसपास खनन से धरोहर और रहवासी मकानों को नुकसान को लेकर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने संज्ञान लेते हुए गुना कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव सहित वन मंडल अधिकारी, जिला खनिज और नगर पालिका के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
पहाड़ियों में अवैध खनन
ट्रिब्यूनल ने मामले को पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर विषय माना है। एनजीटी की भोपाल स्थित सेंट्रल जोन बेंच के आदेश के अनुसार, बजरंगगढ़ किले से लगी पहाड़ियों और आरोन-सिरोंज स्टेट हाइवे के आसपास पत्थर खनन जारी है। पिछले 10 वर्षों में यहां नौ खनन पट्टे आवंटित किए गए। आरोप है कि कई स्थानों पर पट्टों में मंजूर क्षेत्र से कई गुना अधिक हिस्से में खोदाई की गई। पहाड़ियों पर क्रशर मशीनों से लगातार पत्थर तोड़े जा रहे हैं।
ब्लास्टिंग से तोड़ रहे चट्टानें
चट्टानों को तोड़ने के लिए नियमित ब्लास्टिंग हो रही है। मामले में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, वायु प्रदूषण नियंत्रण कानून, खनिज अधिनियम और पर्यावरण मंजूरी के प्रविधानों के उल्लंघन पर नोटिस जारी कर 15 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।
किले के आस्तित्व पर खतरा
एनजीटी के आदेश में कहा गया है कि खनन के दौरान विस्फोटों से आसपास के मकानों में कंपन, दीवारों में दरारें और पत्थर खिसकने की शिकायतें मिली हैं। इससे किले की दीवारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। खनन के बाद बने गहरे गड्ढों के आसपास तार फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं होने से हादसों का खतरा हो सकता है।