
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दशहरा के दिन उज्जैन से अयोध्या के लिए शुरू हुई कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है। यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों से नारा लगवाने पर आयोग ने मप्र के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब मांगा है।
आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की पीठ ने कहा है कि शिकायत मिली है कि मप्र की सीमा में यात्रा के दौरान बच्चों का इस्तेमाल किया गया। उनसे राजनीतिक नारे लगवाए गए। इसका वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर साझा की गई हैं। आशंका है कि बच्चों को यात्रा में शामिल करने के लिए पैसे दिए गए होंगे।
यह भी पढ़ें- 'चंदा चोरी में भी ज्ञानेश कुमार शामिल, मुझे EVM दो, वोट चोरी साबित कर दूंगा...'; इंदौर में बोले दिग्विजय सिंह
शिकायतकर्ता ने बाल अधिकारों और संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव से भी कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि दिग्विजय उज्जैन से अयोध्या तक करीब 1000 किमी की यह यात्रा 70 दिनों में पूरी करेंगे।