भोपाल: देवास के बूचड़खाने ले जाए जा रहे नौ गोवंश पकड़े, एक की मौत; 3 तस्कर गिरफ्तार
विदिशा के जंगलों से पकड़कर देवास के बूचड़खाने ले जाए जा रहे नौ गोवंश को भोपाल पुलिस ने सूखी सेवनिया टोल के पास पकड़ा। वाहन में मवेशियों को बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था। इनमें से एक की मौत हो चुकी थी।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 08:40:54 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 08:40:54 AM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में तस्कर। सौ-पुलिसHighLights
- पिकअप वाहन में ठूंसकर भरे थे मवेशी
- विदिशा के जंगलों से पकड़कर पिकअप में भरे
- देवास ले जाते समय सूखी सेवनिया टोल पर पकड़ाए
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। विदिशा के जंगलों से पकड़कर देवास के बूचड़खाने ले जाए जा रहे गोवंश से भरे लोडिंग वाहन को भोपाल पुलिस ने पकड़ा। वाहन में मवेशियों को ठूंसकर भरा गया था। पुलिस की मौजूदगी में बाहर निकाले जाने पर आठ गोवंश जीवित मिले, जबकि एक की मौत हो चुकी थी। जीवित गोवंश को जीवदया गोशाला पहुंचाया गया।
पुलिस ने वाहन जब्त कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। बुधवार को न्यायालय में पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
बजरंग दल कार्यकताओं ने पकड़ा
पुलिस के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं से सूचना मिलने पर रात दो बजे सूखी सेवनिया टोल के पास घेराबंदी की गई। पिकअप चालक लक्की राठौर (18), निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर, और उसके दो साथियों विजय भाडवा व विजय सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कर रही जांच
जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक हितेंद्र सेंगर ने गोवंश को देवास के बूचड़खाने ले जाने की पुष्टि की है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और स्थानीय लोगों के संलिप्तता की जांच कर रही है।