
मुकेश विश्वकर्मा, भोपाल। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की ऑनलाइन प्रक्रिया अब आवेदकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पहले लोग मोबाइल से घर बैठे ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लेते थे, लेकिन अब वेबकैम के सामने लाइव फोटो और फेस डिटेक्शन की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी हो गया है।
राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) ने 26 अक्टूबर को साफ्टवेयर अपडेट किया था। इसके बाद से आवेदकों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल में इसका असर लाइसेंस बनने की संख्या पर भी दिखाई दे रहा है। पहले जहां रोजाना 175 से 200 लर्निंग लाइसेंस बनते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 20 से 25 रह गई है। यानी करीब 90 प्रतिशत तक गिरावट आई है।
आरटीओ के अधिकारी ने बताया कि नए सिस्टम में आवेदक की लाइव फोटो का आधार में दर्ज फोटो से मिलान किया जाता है। ऐसे में जिन लोगों के आधार कार्ड में बचपन या कई साल पुरानी तस्वीर लगी है, उनका चेहरा मैच होने में परेशानी आ रही है।
इसके अलावा ओटीपी देर से मिलने या सर्वर की गति धीमी होने पर प्रक्रिया बीच में ही रुक जाती है। कई बार सर्वर टाइम आउट होने से आवेदक को दोबारा पूरी प्रक्रिया शुरू करनी पड़ती है। नए सिस्टम के लिए कंप्यूटर या लैपटाप और वेबकैम की जरूरत भी पड़ रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी में गांव से शहर तक महिलाओं के हाथ में कमान, आरक्षण से आगे निकलकर 52.84% सीटों पर काबिज महिलाएं
लर्निंग लाइसेंस की जरूरत खासतौर पर उन युवाओं को है, जो पुलिस भर्ती या अन्य नौकरियों के लिए आवेदन कर रहे हैं। समय पर लाइसेंस नहीं बनने से उनके आवेदन और आगे की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है।
एनआइसी का साफ्टवेयर अभी अपडेट हुआ है। नई सुविधा लागू होने के कारण लर्निंग लाइसेंस बनवाने में थोड़ी परेशानी आ रही है। आगे इस समस्या को ठीक कर लिया जाएगा।- जितेंद्र शर्मा, आरटीओ, भोपाल