मिशन 2028: MP कांग्रेस का पीटीएस फार्मूला, टिकट में भी बढ़ेगी ओबीसी-सवर्णों की भागीदारी
कांग्रेस 2028 विधानसभा चुनाव में पिछड़ा वर्ग, आदिवासी और सवर्ण नेताओं को आगे बढ़ाएगी। जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह और नकुल नाथ जैसे चेहरों को मिलेगी प्रमुख भूमिका।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 02:39:21 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 02:39:21 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- 2028 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पीटीएस फार्मूले पर फोकस
- ओबीसी आरक्षण बनेगा बड़ा मुद्दा,चुनावी एजेंडे में शामिल करेगी
- पिछड़ा वर्ग, आदिवासी और सवर्ण नेताओं को आगे बढ़ाएगी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मात्र 15 महीने के अपवाद को छोड़कर पिछले 23 वर्षों से वनवास भुगत रही कांग्रेस पीढ़ी परिवर्तन के बाद नए चेहरों के साथ अगला विधानसभा चुनाव लड़ेगी। मिशन-2028 के लिए कांग्रेस का फार्मूला है पीटीएस यानी पिछड़ा वर्ग, आदिवासी और सवर्ण। इसी के तहत ओबीसी वर्ग के जीतू पटवारी और आदिवासी नेता उमंग सिंघार को आगे बढ़ाया जा रहा है।
जयवर्धन सिंह और नकुल नाथ जैसे सवर्ण नेताओं को पार्टी मुख्यधारा में ला रही है। टिकट वितरण में भी यही फार्मूला लागू करने की तैयारी है।
बड़े बदलाव की तैयारी
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव-2028 के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन और टिकट वितरण की रणनीति में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अपने पारंपरिक वोट बैंक आदिवासी और दलित को मजबूत करने के साथ-साथ अब ओबीसी और सवर्ण वर्ग की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। प्रदेश की कुल आबादी में ओबीसी वर्ग की बड़ी हिस्सेदारी को देखते हुए कांग्रेस ने इस वर्ग को साधने के लिए विशेष कमेटी का गठन किया है।
आरक्षण के मुद्दे पर फाेकस
पार्टी ने बैजनाथ कुशवाहा को ओबीसी विभाग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है और जीतू पटवारी के अलावा अरुण यादव, कमलेश्वर पटेल व हिना कांवरे जैसे प्रमुख नेताओं को इस अभियान की कमान सौंपी है। पिछले चुनावों में सवर्ण मतदाताओं की नाराजगी से हुए नुकसान की भरपाई के लिए पार्टी संगठन और आगामी टिकट वितरण में सवर्ण वर्ग के नेताओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की योजना बना रही है।
इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लागू करने, इसे संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने और देशव्यापी जातिगत जनगणना कराने के मुद्दे को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का मुख्य आधार बना रही है।
जातिगत समीकरण का तालमेल
कांग्रेस में दलित नेतृत्व का संकट बसपा के कमजोर पड़ने के बावजूद आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) और स्थानीय अंबेडकरवादी संगठनों ने युवा दलितों को अपनी ओर आकर्षित किया है। यही कारण है कि कांग्रेस में दलित नेतृत्व का संकट एक गंभीर राजनीतिक चुनौती के रूप में उभरा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दलितों को राजनीति के केंद्र में लाने के दावों के बावजूद, जमीनी स्तर पर प्रतिनिधित्व और सम्मान को लेकर पार्टी के भीतर ही असंतोष देखा जा रहा है।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने सावित्रीबाई फुले जयंती के मंच से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में कहा कि प्रदेश कांग्रेस में दलितों को उचित सम्मान नहीं मिलता। प्रदेश में सज्जन सिंह वर्मा और फूल सिंह बरैया जैसे वरिष्ठ दलित नेता सक्रिय हैं, लेकिन पूरे प्रदेश के दलित मतदाताओं को एकजुट कर सकने वाले सर्वमान्य चेहरे की कमी महसूस की जाती है।
कांग्रेस नेता केके मिश्रा कहते हैं कि कांग्रेस प्रतिबद्ध है आरक्षित वर्ग को उनका अधिकार देने और दिलाने को लेकर।