देशभर के 30 हजार आयुर्वेद छात्रों पर संकट; बिना इंटर्नशिप 'NExT' परीक्षा वैधानिक नहीं, विरोध शुरु
मध्य प्रदेश के करीब 2 हजार सहित विभिन्न राज्यों के विद्यार्थी प्रभावित हो सकते हैं। नेक्स्ट पास नहीं करने पर काउंसिल रजिस्ट्रेशन, प्रैक्टिस का लाइसेंस और पीजी एमडी-एमएस में प्रवेश प्रभावित होने की आशंका है।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 01:13:46 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 01:13:46 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- इंटर्नशिप पूरी होने से पहले परीक्षा की तैयारी
- एक साल की अनिवार्य इंटर्नशिप का प्रावधान
- देशभर के 25 से 30 हजार छात्र प्रभावित
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आयुर्वेद के बीएएमएस 2021-22 बैच के छात्रों को बिना इंटर्नशिप पूरी किए ही नेशनल एग्जिट टेस्ट (नेक्स्ट) में बैठना पड़ सकता है। नेशनल कमीशन फार इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (एनसीआईएसएम) के 10 दिसंबर 2025 के पत्रादेश के अनुसार इस बैच को नेक्स्ट से गुजरना होगा, जो मार्च 2027 (संभावित तिथि) में हो सकती है। जबकि इस बैच की इंटर्नशिप एक अक्टूबर 2026 से शुरू हुई है और 30 सितंबर 2027 को पूरी होगी।
एक साल की इंटर्नशिप अनिवार्य
आयुर्वेद में साढ़े चार साल की डिग्री के बाद एक साल की अनिवार्य इंटर्नशिप होती है, कुल साढ़े पांच साल की डिग्री होती है। ऐसे में मार्च 2027 में परीक्षा कराना न तो वैधानिक रूप से उचित कहा जा सकता है और न ही छात्रों के साथ न्यायसंगत है।
आयोग के ही चार जुलाई 2024 के पत्र के अनुसार नेक्स्ट में आवेदन के लिए न्यूनतम 272 दिन की इंटर्नशिप पूरी होना जरूरी है। एक अक्टूबर 2026 से इंटर्नशिप शुरू मानें तो भी 272 दिन 30 जून 2027 में पूरे होंगे। वहीं, भारत के राजपत्र एक मई 2024 के नए गजट नोटिफिकेशन में भी आयुर्वेद इंटर्नशिप एक वर्ष की स्पष्ट है।
30 हजार छात्र प्रभावित
मध्यप्रदेश के करीब 2000 समेत राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, हरियाणा, छत्तीसगढ़, बिहार, नई दिल्ली समेत देशभर के 25 से 30 हजार छात्र इस समय इंटर्नशिप कर रहे हैं और प्रभावित हैं। नियमों के अनुसार बिना नेक्स्ट पास किए काउंसिल का रजिस्ट्रेशन नहीं होगा, यानी प्रैक्टिस बाधित होगी, लाइसेंस नहीं मिलेगा और पीजी एमडी-एमएस करने में भी दिक्कत आएगी।
आयुर्वेद ही नहीं, होम्योपैथी, यूनानी, सिद्धा, सोवा-रिग्पा समेत सभी आयुष कालेजों के स्नातक इससे प्रभावित हो सकते हैं।
बीएएमएस 2021-22 बैच के छात्रों को नेक्स्ट से मुक्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि छात्र 12वीं, नीट, बीएएमएस की तीन प्रोफ की मुख्य परीक्षाएं, इलेक्टिव और प्रैक्टिकल पास करके ही डिग्री पूरी करते हैं, फिर बार-बार परीक्षा देकर योग्यता सिद्ध करना उचित नहीं है।- डॉ. राकेश पाण्डेय, राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन