Bhopal Master Plan:रातीबड़, नीलबड़ में बड़े भूखंडों की शर्त का विरोध, क्रेडाई ने मांगी नियमों में छूट
आपत्तिकर्ता कमल राठी ने रातीबड़ और नीलबड़ को आरजी-5 में रखने पर कड़ा ऐतराज जताया। साथ ही, दशकों से शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र रहे हमीदिया रोड का लैंड यूज आवासीय करने का भी विरोध किया गया।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:23:38 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:23:38 AM (IST)
मास्टर प्लान सुनवाई के दौरान क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज मीक और अपना पक्ष रखते हुए क्रेडाई के प्रतिनिधि। नईदुनिया।HighLights
- हुजूर तहसील में गुरुवार को 112 लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराईं
- रातीबड़-नीलबड़ में 11 हजार वर्गफीट के न्यूनतम भूखंड की शर्त का विरोध
- क्रेडाई ने ग्रीन बिल्डिंग के साथ निर्माण नियमों में छूट की मांग रखी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के भविष्य की तस्वीर तय करने वाले प्रस्तावित मास्टर प्लान 2047 के ड्रॉफ्ट पर आम लोगों और विशेषज्ञों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है। दस हजार से अधिक आपत्तियों पर हुजूर तहसील में टीएंडसीपी और जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा की जा रही सुनवाई के दौरान गुरुवार को 112 लोगों ने अपना पक्ष रखा।
सुनवाई में रातीबड़-नीलबड़ के छोटे भूखंडों, हमीदिया रोड के व्यावसायिक स्वरूप और पश्चिमी इनर रिंग रोड को हटाने जैसे मुद्दों पर तीखी आपत्तियां दर्ज कराई गईं।
आपत्तिकर्ता कमल राठी ने रातीबड़ और नीलबड़ को आरजी-5 में रखने पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि यहां न्यूनतम 11 हजार वर्गफीट के भूखंड की शर्त से पहले से बने सैकड़ों-हजारों छोटे मकानों का भविष्य अधर में लटक गया है।
इसके साथ ही, दशकों से शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र रहे हमीदिया रोड का लैंड यूज आवासीय करने का भी विरोध किया गया। उन्होंने पहले से तैयार पर्यावरण प्लान, क्लाइमेट एक्शन प्लान, सेप्ट की अपर लेक रिपोर्ट, भूजल सर्वेक्षण विभाग की एक्विफर रिपोर्ट और बायोडायवर्सिटी इंडेक्स को योजना में शामिल करने की मांग की।
बिल्डर्स ने मांगी नियमों में छूट
क्रेडाई के अध्यक्ष मनोज सिंह मीक ने आपत्ति में कहा गया कि गुजरात माडल की तर्ज पर प्रदेश में भी टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत भूमि वापसी के अनुपात की समीक्षा की जाए। आपत्ति में बताया कि गुजरात में मूल भूमि के 100 प्रतिशत क्षेत्र में से 60 प्रतिशत पुनर्गठित भूखंडों के रूप में वापस मिलने का माडल है। प्रदेश में यह 50 प्रतिशत है। मीक ने सरकारी नियमों में छूट देकर निर्माण को बढ़ावा देने की मांग भी रखी।
अवैध निर्माणों को वैध करने पर आपत्ति
प्रस्तावित योजना में अवैध निर्माण के नियमितीकरण संबंधी प्रावधान को हटाने की मांग रखी गई है। राठी ने कहा कि नियमों का पालन करने वाले लोगों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने अवैध निर्माणों को वैध करने से नियमों का पालन नहीं हो सकेगा।
क्रेडाई ने यह मांग भी रखी
- टीडीआर पॉलिसी 2018 में आई थी, लेकिन अब तक कम संख्या में टीडीआर के प्रमाण पत्र जारी किए हैं। यह बंधन लगाकर विकास को रोका जा रहा है।
- आरजी-एक, दो और तीन क्षेत्रों के लिए डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में एक हेक्टेयर जमीन की बाध्यता खत्म की जाए। एक हेक्टेयर की बाध्यता केवल आरजी-चार जोन में ही लागू किया जाना चाहिए।
- पूर्व के मास्टर प्लान में इनर रिंग रोड को सुहागपुर कोलार रोड, रातीबड़ होते हुए इंदौर रोड से 45 मीटर मार्ग द्वारा जोड़ा गया था। मौजूदा ड्राफ्ट में 45 मीटर पश्चिमी रिंग को खत्म कर दिया है। जिससे अनेक निवेशकों के प्रोजेक्ट संकट में आ गए हैं।