
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में धान का उपार्जन एक दिसंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को उपज बेचने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। समयबद्ध और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान बताया गया कि धान का परिवहन करने वाले ट्रकों के पंजीयन का सत्यापन सॉफ्टवेयर से होगा। उपार्जन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एग्रीस्टेक डाटा के आधार पर पहली बार किसान पंजीयन प्रक्रिया आरंभ की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि धान के लिए 8.91 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। धान का रकबा 41.54 लाख हेक्टेयर और अनुमानित उत्पादन 1.47 करोड़ टन है। उपार्जन के लिए 1,433 केंद्र बनाए गए हैं। खरीदी 2,441 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सोमवार से शुक्रवार तक सुबह आठ से शाम आठ बजे तक होगी। वहीं, ज्वार-बाजरा का उपार्जन 23 दिसंबर तक होगा। इसके लिए 56 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- बातचीत बंद करने से नाराज दोस्त ने दो छात्रों का किया अपहरण, 3 किमी तक बाइक पर घुमाकर पीटा, 4 पर केस दर्ज
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तौल और गुणवत्ता की डिजिटल निगरानी की जाए। बारदाना, परिवहन और भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित कर लें।