
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हाई पावर अवैध हथियारों के साथ ऐशबाग के अहाता मनकशां क्षेत्र से गिरफ्तार आलम मैरिज हाल के संचालक आलम अली को क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में पेश कर सोमवार को जेल भेज दिया है। आरोपित ने करीब तीन साल पहले इंदौर के एक शिकारी से हाई पावर रायफल और जिंदा कारतूस खरीदे थे।
पुलिस ने उसके पास से 97 जिंदा कारतूस और 20 कारतूस के खोखे जब्त किए हैं। चलाए गए कारतूसों को लेकर पूछताछ में उसने शादी समारोह और त्योहारों पर हर्ष फायरिंग करना बताया है। पुलिस अब अवैध हथियार बेचने वाले आरोपित की तलाश में जुटी है, जो कि इंदौर से भी शिकार के मामले में फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपित सैय्यद आलम अली कोहेफिजा का रहने वाला है। वह अहाता मनकशां में आलम मैरिज हाल का संचालन करता है। वहीं उसकी मां मदर मैरी स्कूल का संचालन करती हैं।
यह भी पढ़ें- अब गैस सिलिंडर पर चोरों की नजर, भोपाल में घर की पार्किंग से एक साथ 4 सिलिंडर पार, CCTV में कैद हुई वारदात
आरोपित ने बताया कि उसने अपने परिचित से तीन साल पहले अवैध हथियार खरीदे थे। इनसे कई बार छतों पर हवाई फायर किए हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।