
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष फिर से विवादों में घिर गए हैं। अब उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह के अंदर नजर आ रहे हैं। इसके पहले महाकाल मंदिर में वीडियो बनाने को लेकर रुद्राक्ष शुक्ला विवादों में रहे थे।
इंदौर के खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पर प्रतिबंध लगा है। इस नियम के बाद भी रुद्राक्ष का गर्भगृह के अंदर प्रवेश करना बड़े सवाल खड़े कर रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि वो मंदिर के अंदर भगवान गणेश को आचमन कराते नजर आ रहे हैं। इस दौरान मंदिर के पुजारी भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने उन्हें अंदर जाने से नहीं रोका।
यह वीडियो बुधवार रात का बताया जा रहा है। इस मामले में मंदिर प्रबंधन की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है और ना ही इस वीडियो को लेकर कोई पुष्टि की गई है। खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने के लिए कलेक्टर का अनुमति पत्र लगता है। इसके बाद भी गर्भगृह में प्रवेश करने वाले श्रद्धालु मूर्ति को स्पर्श नहीं कर सकते हैं। मंदिर में कोरोना काल के दौरान से ही गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में रील बनाना इंदौर MLA के बेटे को पड़ा महंगा... एक साल तक प्रोटोकाल दर्शन पर रोक
इसके पहले रुद्राक्ष शुक्ला की महाकाल मंदिर में बनी रील को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने गर्भगृह के बाहर चांदी द्वार पर वीडियो बनवाया था। इस दौरान किसी ने उन्हें नहीं रोका। इस वीडियो के सामने आने बाद तीन सुरक्षकर्मियों को सस्पेंड कर कंपनी पर 5 लाख रुपये का फाइन भी लगाया गया था।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में इंदौर के विधायक के बेटे ने बनाई रील, सुरक्षा एजेंसी पर लगा पांच लाख का जुर्माना