
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित शासकीय स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों के लगातार प्रदर्शन और पैदल जिला मुख्यालय पहुंचने के मामलों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिले के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए समिति गठित की है जो 15 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। जांच में विद्यार्थियों को प्रदर्शन के लिए उकसाने वाले लोगों की भूमिका और उनकी पहचान भी की जाएगी।
इधर, बाजना के शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय के 100 से अधिक विद्यार्थी करीब 50 किलोमीटर दूर रतलाम में कलेक्टर से मिलने पैदल निकल पड़े। करीब 25 किलोमीटर चलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोककर चर्चा की। विद्यार्थियों ने हास्टल में पानी की समस्या, सही साइज की यूनिफार्म नहीं मिलने और मेस की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर प्रभारी प्राचार्य अविनाश साहू और गर्ल्स हास्टल की वार्डन अधीक्षिका आंचल को हटा दिया गया। विद्यार्थियों को समझाइश देने के बाद बसों से वापस बाजना भेजा गया। प्रभारी प्राचार्य का प्रभार कुंदनपुर हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य लखनलाल शास्त्री को सौंपा गया है।
विद्यार्थियों के प्रदर्शन और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है। अपर कलेक्टर बृजेन्द्र रावत समिति के अध्यक्ष होंगे। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डॉ. प्रियंका राय सदस्य-सचिव और सहायक संचालक महिला सशक्तिकरण भारती दांगी सदस्य रहेंगी। समिति भोजन, पेयजल, स्वच्छता, आवासीय एवं सुरक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक सुविधाओं की जांच करेगी।
इसके अलावा विद्यार्थियों की शिकायतों के निराकरण, उनके पैदल जिला मुख्यालय पहुंचने की परिस्थितियों, अभिभावकों को इसकी जानकारी थी या नहीं और बाहरी व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ सुधारात्मक सुझाव भी दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि नईदुनिया ने 27 नवंबर को 'स्कूली समय में प्रदर्शन, पढ़ाई और सुरक्षा दोनों दांव पर' शीर्षक से खबर प्रकाशित कर आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन, पढ़ाई और सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाए थे। इसके बाद कलेक्टर ने जिले के आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए समिति गठित की।
यह भी पढ़ें- मंत्री विश्वास सारंग के गार्ड से मारपीट, मिनिस्टर ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार