
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में चीतों के सफल पुनर्स्थापन के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की सराहना की गई है। पीएम मोदी से मिली यह सराहना सभी को नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान करने वाली है।
डा. मोहन यादव ने गुरुवार को 'एक्स' पर लिखा कि प्रोजेक्ट चीता की सफलता ने वन्यजीव संरक्षण के हमारे संकल्प को और भी मजबूत किया है। सच्चे अर्थों में हमारे वनकर्मियों, अधिकारियों, वैज्ञानिकों और स्थानीय समुदायों के समर्पित प्रयासों को इसका श्रेय जाता है। हम सभी मिलकर वन्यजीवों के सुरक्षित आवास और प्रकृति के संतुलन के संरक्षण में अपना योगदान करें। इससे वन्य जीव संरक्षण के साथ ही प्रदेश में वन पर्यटन को भी नई दिशा और गति मिलेगी।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी द्वारा देश में चीतों के सफल पुनर्स्थापन के लिए किए जा रहे सामूहिक प्रयासों की सराहना सभी को नई ऊर्जा और उत्साह प्रदान करने वाली है।
मध्यप्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि 'प्रोजेक्ट चीता' की सफलता ने वन्यजीव संरक्षण के हमारे संकल्प को… pic.twitter.com/WzDxm5EIMz
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 1, 2026
मुख्यमंत्री ने एक अक्टूबर से प्रारंभ हुए वन्यजीव सप्ताह-2026 की शुभकामनाएं भी प्रेषित की हैं। डा. मोहन यादव ने बताया कि पीएम मोदी द्वारा वन्य जीव सप्ताह के संदर्भ में 30 सितंबर को एक संदेश जारी किया गया है। इसमें उन्होंने कहा है कि पिछले एक दशक में भारत ने वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रोजेक्ट चीता की सफलता इसका उल्लेखनीय उदाहरण है। इसके साथ ही, ग्रेट इंडियन बस्टर्ड, गैंडे, घड़ियाल, स्लॉथ बियर, नदी डॉल्फिन और हिम तेंदुए जैसी प्रजातियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास हमारे व्यापक होते दायरे का प्रमाण हैं।
संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) के माध्यम से इन प्रजातियों के संरक्षण में वैश्विक सहयोग को आगे बढ़ाने में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। यह मंच बाघ, शेर, तेंदुआ और जगुआर जैसी प्रमुख बिग कैट प्रजातियों के संरक्षण से जुड़े हमारे अनुभवों को अन्य देशों के साथ साझा करने और उनसे सीखने का अवसर प्रदान करता है। वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन और प्रकृति के संतुलन के लिए उनके आवासों का आपस में जुड़ा होना आवश्यक है।
यह भी पढ़ें- जल जीवन मिशन को रफ्तार देने की तैयारी, CM मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री के सामने रखीं 4 प्रमुख मांगें
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर वन्यजीव कारिडोरों की पहचान और उनके संरक्षण पर निरंतर कार्य कर रही है। समय पर सूचना और त्वरित प्रतिक्रिया, बेहतर निगरानी, वैज्ञानिक प्रबंधन, स्थानीय स्तर पर जागरूकता और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में देशवासियों से अपील की है कि सरकार के प्रयासों के साथ-साथ हम सभी अपने-अपने स्तर पर वन्यजीवों और उनके आवासों की रक्षा में योगदान दें।