
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के ग्रामीण अंचलों में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सूखी सेवनिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने क्षेत्र के पांच अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर भारी मात्रा में कच्ची शराब और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कर ली है।
सूखीसेवनिया थानाप्रभारी अरूण शर्मा ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं की पुष्टि के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर ग्राम बालमपुर, बरखेड़ी अब्दुला, भदभदा स्टेशन के पास, खैरई टपरा और गीदगड़ में एक साथ छापेमारी की।
दबिश के दौरान इन ठिकानों पर अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब और भट्टियों से जुड़ा सामान बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तत्काल अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके से पकड़ी गई दो महिलाओं के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और जब्त सामग्री के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मां ने बच्चों को खाने में दिया जहर, खुद भी खाया; तीनों की मौत, देवरानी व पति से कहासुनी के बाद उठाया कदम
गौरतलब है कि भोपाल के बाहरी और ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं, जिन पर पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है।