'डंकी' नाम से नर्सिंग पंजीयन मामले में जांच तेज, भोपाल टीटी नगर थाने में सौंपे डिजिटल साक्ष्य
मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के पोर्टल पर डंकी एमपीएनआरसी नाम से आवेदन स्वीकार होने और प्रमाण-पत्र जारी होने के मामले में टीटी नगर पुलिस ने जांच शुरू की।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 11:36:09 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 11:36:09 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- डंकी एमपीएनआरसी नाम से नर्सिंग पंजीयन का मामला
- फर्जी जानकारी पर 2050 रुपये भुगतान के बाद जारी हुआ प्रमाण-पत्र
- रवि परमार ने डिजिटल साक्ष्य सौंपे, निष्पक्ष जांच की मांग की
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के ऑनलाइन पोर्टल से डंकी एमपीएनआरसी के नाम पर नर्सिंग पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी होने के मामले में टीटी नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले के शिकायतकर्ता और एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर के साथ थाने पहुंचकर जांच अधिकारी के सामने बयान दर्ज कराए।
दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य सौंपे
उन्होंने लिखित बयान के साथ दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे। उन्होंने ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल की खामियों को उजागर करने के लिए एक परीक्षण आवेदन किया गया था। इसमें आवेदक का नाम डंकी एमपीएनआरसी, पिता का नाम डंकी फादर, माता का नाम डंकी मदर और जाति एनिमल दर्ज की गई थी। इसके बावजूद पोर्टल ने आवेदन स्वीकार कर लिया।
25 सितंबर 2026 को जारी हुआ प्रमाण-पत्र
निर्धारित प्रक्रिया के तहत 2050 रुपये का भुगतान भी हो गया और 25 सितंबर 2026 को डिजिटल नर्सिंग पंजीयन प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन का उद्देश्य पंजीयन व्यवस्था की खामियों को उजागर करना था, न कि फर्जी प्रमाण-पत्र का इस्तेमाल करना। उन्होंने मांग की कि पुलिस किसी अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में आए बिना निष्पक्ष जांच करे।
अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध
आवेदन से प्रमाण-पत्र जारी होने तक की पूरी प्रक्रिया की तकनीकी जांच हो। इसमें काउंसिल के अधिकारियों-कर्मचारियों और एमपी ऑनलाइन की तकनीकी एजेंसी की भूमिका भी तय की जाए। उन्होंने सर्वर रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की।
उनका कहना है कि काउंसिल के संबंधित अधिकारी को भी बयान के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन अब तक कोई अधिकारी थाने नहीं पहुंचा।
उन्होंने कहा कि मामला केवल तकनीकी खामी का नहीं, बल्कि मरीजों की सुरक्षा और नर्सिंग पेशे की विश्वसनीयता से जुड़ा है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए।