
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भोपाल पुलिस ने ‘शी-शक्ति अभियान’ शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने महिला पुलिसकर्मियों की वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ने पुराने और नए शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर महिला सुरक्षा का संदेश दिया।
अभियान के तहत प्रत्येक थाने में महिला सुरक्षा से जुड़े हॉटस्पॉट चिह्नित कर विशेष पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात की जा रही हैं। इनमें आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक की महिला पुलिसकर्मी शामिल रहेंगी। बाजार, पूजा स्थल, मेले, गरबा-डांडिया स्थल, सार्वजनिक आयोजन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जाएगी। छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार, पीछा करने या किसी अन्य तरह के उत्पीड़न की सूचना पर तत्काल कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- सरकार से हारे तो भगवान के द्वार पहुंचे शिक्षक... TET से मुक्ति के लिए मंदिर में लगाई अर्जी, किया हनुमान चालीसा का पाठ
पेट्रोलिंग पार्टियों की निगरानी एसीपी और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त महिला सुरक्षा करेंगे। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि अपराध या साइबर उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें और तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।