
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला मंदिर थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में हुए 21 वर्षीय युवक अनुज श्रीवास के अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने करीब-करीब सुलझा लिया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है, जिसमें हाल ही में जेल से छूटे एक बदमाश और मृतक की महिला मित्र की मुख्य भूमिका है। पुलिस की चार विशेष टीमें आरोपितों की धरपकड़ के लिए भोपाल, सीहोर और विदिशा के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवजीवन कॉलोनी निवासी अनुज लोडिंग वाहन में हेल्पर का काम करता था और उसका स्वयं का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि अनुज की दोस्ती एक महिला से थी, जो वारदात के बाद से ही अपने घर से फरार है। इसके अलावा, जेल में बंद एक अन्य बदमाश के भी इस पूरी साजिश में शामिल होने के पुख्ता संकेत मिले हैं। पुलिस को अंदेशा है कि महिला को लेकर ही हत्या की पटकथा रची गई थी।
जांच में यह बात सामने आई है कि अनुज मंगलवार सुबह ही दतिया से भोपाल लौटा था। शाम करीब सात बजे जब वह काली जी के मंदिर के पास खड़ा था, तभी उसके दो परिचित युवक स्कूटी लेकर वहां पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। एक पड़ोसी ने अनुज को उन युवकों के साथ जाते हुए देखा था। इसके बाद अनुज का शव बरामद हुआ।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमें रवाना की गई हैं। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का पूरी तरह राजफाश हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- MP में अचल संपत्तियों की नई दरों पर काम शुरू: बदलाव का बताना होगा कारण, 31 मार्च तक होंगी लागू