भोपाल में जनता क्वार्टरों पर चला बुलडोजर; कांग्रेस नेता को ले गई पुलिस, विरोध की आशंका के चलते एक्शन
कार्रवाई के विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह करीब आठ बजे उनके घर से हिरासत में लेकर अशोका गार्डन थाने पहुंचा दिया।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 12:04:53 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 12:04:53 PM (IST)
पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह उनके घर से हिरासत में लेकर अशोका गार्डन थाने पहुंचा दिया। नईदुनिया।HighLights
- भोपाल के ऐशबाग में 599 जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू
- विरोध की आशंका के चलते कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला पुलिस हिरासत में
- कार्रवाई शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में विरोध की आशंका के चलते पुलिस सतर्क
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के ऐशबाग क्षेत्र में स्थित जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू हो गई। नगर निगम और प्रशासन की कार्रवाई के तहत बड़ी-बड़ी जेसीबी मशीनों से जर्जर आवासों को जमींदोज किया जा रहा है।
क्षेत्र में 599 जनता क्वार्टरों को जर्जर घोषित कर ध्वस्त करने की योजना है। कार्रवाई के विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह करीब आठ बजे उनके घर से हिरासत में लेकर अशोका गार्डन थाने पहुंचा दिया।
हाई कोर्ट से भी नहीं मिली ध्वस्तीकरण पर रोक
जनता क्वार्टरों को तोड़ने की प्रस्तावित कार्रवाई के खिलाफ मामला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंचा था। न्यायालय ने रविवार को अवकाश के दिन विशेष सुनवाई करते हुए व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
हालांकि, याचिकाकर्ता मोहम्मद हफीज खान के कब्जे वाले क्वार्टर क्रमांक ईडब्ल्यूएस-465 को अंतरिम राहत दी है। इस आवास को अगली सुनवाई तक तोड़ने पर रोक रहेगी। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है।
पहले भी हुआ था विरोध, महिलाओं ने किया था जहरीले पदार्थ का सेवन
गौरतलब है कि जनता क्वार्टरों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण के नोटिस जारी होने के बाद पहले भी क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन हो चुका है। उस दौरान कुछ रहवासी महिलाओं ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण भी दर्ज किए थे। अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में विरोध की आशंका के चलते पुलिस सतर्क है।