राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। नेताओं और अधिकारियों को सरकारी बंगलों का मोह इतना रहता है कि आवंटन अवधि समाप्त होने के बाद भी खाली नहीं करते हैं। ऐसे एक दो नहीं बल्कि कई नेता-अधिकारी हैं। कुछ अधिकारी तो दो-दो बंगले रखे हुए हैं। अब आवास धारण अनुमति समाप्त होने के आधार पर ऐसे अधिकारियों से दांडिक दर से वसूली होगी।
इसके लिए संपदा संचालनालय अगस्त से नोटिस दे रहा है। इनमें कुछ ने राशि जमा करा दी है तो कुछ ने बंगला छोड़ दिया है। इसके बाद भी कई कब्जे बने हुए हैं।
पूर्व डीजीपी भी शामिल
संपदा संचालनालय द्वारा सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना भी शामिल हैं, जो 30 नवंबर 2024 को सेवानिवृत्त हुए लेकिन बी 18 चार इमली नहीं छोड़ा। इनके ऊपर नए प्रावधान से 11 लाख 58 हजार रुपये की वसूली निकाली गई।
इसी तरह रीवा के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत को आवास धारण की अनुमति 24 मार्च 2025 से 23 सितंबर 2025 तक दी गई थी। उन्होंने भी आवास रिक्त नहीं किया तो 5,78,400 रुपये की वसूली निकाली गई।
संभाग आयुक्त से लेकर पुलिस अधीक्षक के भी नाम
यही स्थिति जबलपुर के संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया की भी है। इन्हें 10 मई 2025 से नौ नवंबर 2025 तक के लिए अनुमति दी गई थी। अब 5,50,800 की वसूली की जा रही है। संचालनालय की सूची में डा. इच्छित गढपाले, आईजी राकेश गुप्ता, आईपीएस आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी पटेल, उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार मर्सकोले के भी नाम है।
अनाधिकृत तौर पर सरकारी बंगले में रह रहे वालों की सूची में लोकायुक्त संगठन में पदस्थ रहे मुख्य अभियंता एनएस जौहरी, सेवानिवृत्त प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी केके सोनगरिया, प्राध्यापक डॉ. रेखा शर्मा, मंजू जैन भी शामिल हैं।
मंत्रियों से भी वसूली
अपर मुख्य सचिव अनिरुद्ध मुखर्जी के पास भोपाल में ही दो बंगले हैं। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, मीना सिंह, अरविंद भदौरिया, डॉ. प्रभुराम चौधरी, डॉ. कृष्णपाल सिंह यादव के विरुद्ध भी वसूली निकाली गई है।
कर्मचारियों को आवास आवंटन नहीं हो रहा है। नया बहुमंजिला भवन बनाकर तैयार है मगर वहां मूलभूत सुविधा तक नहीं है। - उमाशंकर तिवारी, के महामंत्री, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ
आवास धारण अनुमति समाप्त होने के बाद आवंटितों को आवास रिक्त करने चाहिए। नवीन प्रावधान दांडिक दर से वसूली का है। इसके अनुरूप ही कार्रवाई की जाती है। - शुचिस्मिता सक्सेना, संचालक संपदा