एमपी में DGP के पड़ोसी के घर चोरी, IAS विवेक पोरवाल के बंगले से चंदन का पेड़ ले उड़े चोर, CCTV में दिखे तीन संदिग्ध
राजधानी के अति-सुरक्षित वीआइपी क्षेत्र चार इमली में डीजीपी कैलाश मकवाना के बंगले के ठीक पास स्थित वरिष्ठ आइएएस अधिकारी विवेक पोरवाल के बंगले से चोरों ने चंदन का पेड़ काटकर चुरा लिया।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 08:16:10 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 08:16:10 PM (IST)
तड़के दीवार लांघकर काटा चंदन का पेड़।HighLights
- भोपाल के VIP क्षेत्र 4 इमली में दुस्साहस
- 74 बंगले और 4 इमली में फिर बड़ी सेंध
- तड़के दीवार लांघकर काटा चंदन का पेड़
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के अति-सुरक्षित वीआइपी क्षेत्र चार इमली में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के बंगले के ठीक पास स्थित वरिष्ठ आइएएस अधिकारी विवेक पोरवाल(प्रमुख सचिव खनन) के बंगले से चोरों ने चंदन का पेड़ काटकर चुरा लिया।
घटना मंगलवार तड़के दो से सवा तीन बजे के बीच की बताई जा रही है, अज्ञात चोर बंगले के परिसर में घुसे, चंदन के पेड़ को काटा और उसके मुख्य तने को लेकर फरार हो गए, जबकि टहनियों और बाकी हिस्सों को वहीं छोड़ दिया। हबीबगंज थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंदन चोरी के पुराने बदमाशों से पूछताछ
हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में इलाके में तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इनमें से दो आरोपित बंगले के भीतर घुसे थे, जबकि तीसरा बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीमों को लगाया गया है। चंदन चोरी के पुराने बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
चार इमली और 74 बंगले में पहले भी हो चुकी हैं सुरक्षा में चूक
चार इमली और 74 बंगले जैसे इलाकों में राज्य के वरिष्ठ आइएएस, आइपीएस अधिकारी, मंत्री और राजनेता रहते हैं। इसके बावजूद यहां लगातार चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इन वीआईपी इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तकनीकी खराबी से इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट निरस्त, 180 यात्री परेशान, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी थे सवार
पूर्व में हुई चोरी की प्रमुख घटनाएं
- 4 अप्रैल: 74 बंगले स्थित मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोर ट्रॉफियां और स्मृति चिन्ह चुरा ले गए।
- 4 दिसंबर 2025: विधानसभा परिसर के भीतर से चंदन का पेड़ काट लिया गया।
- 28 नवंबर 2025: गुफा मंदिर परिसर (कोहेफिजा) से तीन चंदन के पेड़ चोरी हुए।
- 3-9 नवंबर 2025: चार इमली में डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह के बंगले से लाखों के जेवरात चोरी हुए।
- 23 सितंबर 2025: चार इमली में ही वाक कर रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी का मोबाइल बाइक सवार झपट ले गए।
- 22 जनवरी 2025: एसीएस अनुपम राजन के चर इमली स्थित बंगले में घुसने का प्रयास।
- 12-13 अगस्त 2024: पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के बंगले की दीवार लांघकर नकदी और जेवर चोरी।
- 2020-2021 में तत्कालीन मंत्री मीना सिंह के बंगले से टीवी चोरी, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव व जीतू पटवारी के बंगलों तथा चर इमली पार्क से चंदन के पेड़ काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।