
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नौतपा के बीच प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में शनिवार देर रात आंधी और बारिश हुई, जबकि रविवार को भी मौसम का असर बना रहा। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं, श्योपुर में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई।
बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल में शनिवार देर रात मौसम में अचानक तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी का यह दौर रविवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रही, जिससे कटारा हिल्स, गुलमोहर, अयोध्या नगर, अशोका गार्डन, बावड़िया कलां सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में दो से तीन घंटे तक बिजली गायब रही।
मौसम विज्ञान का क्या कहना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 48 घंटों के दौरान सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में बारिश दर्ज की गई। टीकमगढ़ में सबसे अधिक सवा इंच वर्षा हुई। दतिया और नौगांव में भी अच्छी बारिश रिकार्ड की गई। ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, गुना, धार, रतलाम, सागर, सतना, रीवा, देवास, झाबुआ, मंदसौर, बैतूल और बालाघाट समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
नौगांव में 12 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान
मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया है। छतरपुर जिले के नौगांव में तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। 27 मई को यहां तापमान 46.6 डिग्री था, जो घटकर 35.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दतिया सहित कई जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के 20 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया।
आधा दर्जन से अधिक जिलों में आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, उमरिया और शहडोल में ओलावृष्टि और तेज बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर सहित 47 जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
विभाग के अनुसार, तीन जून तक प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने के आसार हैं। नौतपा के बीच बारिश होने से लू का प्रभाव लगभग समाप्त हो गया है और अधिकांश क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
प्रदेश में नरसिंहपुर सबसे गर्म शहर
नरसिंहपुर — 43.2 डिग्री सेल्सियस
भोपाल — 40 डिग्री सेल्सियस
उज्जैन — 39 डिग्री सेल्सियस
इंदौर — 38.8 डिग्री सेल्सियस
जबलपुर — 38.2 डिग्री सेल्सियस
ग्वालियर — 35.6 डिग्री सेल्सियस
यह भी पढ़ें- MP के टीचरों के लिए राहत की खबर, शिक्षकों का ग्रीष्मावकाश 7 जून तक बढ़ाया, जारी हुआ आदेश