
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में 40 ई-चेक पोस्ट लगाने के बाद अब राज्य सरकार 20 मैनुअल चेकपोस्ट भी लगाएगी। इसमें खनिज, परिवहन विभाग और पुलिस का अमला मिलकर खनिज के अवैध परिवहन की निगरानी और रोकथाम करेंगे। यह निर्णय मुख्य रूप से उन संवेदनशील मार्गों को ध्यान में रखकर लिया गया है, जहां से अवैध रूप से रेत, गिट्टी, बोल्डर और अन्य खनिजों का परिवहन किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
ऐसे मार्ग जिन पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से अवैध परिवहन होता है, उन्हें चिह्नित कर नियमित गश्त की जाएगी। मैनुअल चेकपोस्ट शुरुआत में उन अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर लगाए जाएंगे जो तस्करी के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं।
खनिज के अवैध परिवहन के लिए ऐसे छोटे व संकरे मार्गों का उपयोग किया जाता है जहां केवल ट्रैक्टर-ट्रॉली आसानी से निकल जाए। इन मार्गों का रूट मुख्य मार्गों से अलग होता है, लेकिन एक स्थान पर आकर ये मुख्य मार्गों से आकर मिलते हैं।
यह भी पढ़ें- डिग्री तो मिलेगी, डॉक्टरी का ज्ञान कैसे मिलेगा? एमपी में शिक्षकों की कमी से 3 कॉलेज की मान्यता अटकी
खनिज के अवैध उत्खनन पर नजर रखने के साथ ही उसके अवैध परिवहन को रोकने के लिए मैनुअल चेकपोस्ट ऐसे मार्गों पर लगाए जाएंगे जो मुख्य मार्गों से अलग हैं और खनिज माफिया के लिए उपयुक्त हैं। ऐसे मार्गों को चिह्नित किया जा रहा है।- फ्रेंक नोबल ए, संचालक, मध्य प्रदेश संचालनालय भौमिकी तथा खनिकर्म
खनिज के अवैध परिवहन को रोकने के लिए 20 मैनुअल चेकपोस्ट लगाए जाने हैं। खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। उन्हें परिवहन का जितना अमला लगेगा, उतना उपलब्ध कराएंगे।- उमेश जोगा, परिवहन आयुक्त, मध्य प्रदेश शासन