
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की तैयारी को थोड़ा आसान कर दिया है। मंडल ने परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए सभी विषयों के सैंपल पेपर यानी मॉडल प्रश्नपत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
विद्यार्थी इन प्रश्नपत्रों के माध्यम से बोर्ड परीक्षा के प्रश्नों का पैटर्न, अंक विभाजन और सवालों के स्वरूप को समझ सकेंगे। इनका नियमित अभ्यास करने से परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन करने और अपनी तैयारी की कमियों को पहचानने में भी मदद मिलेगी।
विद्यार्थी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी कक्षा का चयन कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित विषय के मॉडल प्रश्नपत्र खोलकर डाउनलोड किए जा सकते हैं। विद्यार्थी सभी विषयों के सैंपल पेपर डाउनलोड कर नियमित अभ्यास करें, ताकि बोर्ड परीक्षा से पहले अपनी तैयारी का बेहतर आकलन कर सकें। इस बार विकल्प का ऑप्शन खत्म कर दिया गया है। दो अंक के अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में विकल्प नहीं दिया जाएगा।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के दौरान विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह रहती है कि प्रश्नपत्र में किस प्रकार के सवाल पूछे जाएंगे और उन्हें कितने अंकों के प्रश्नों का उत्तर देना होगा। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मंडल ने विषयवार मॉडल प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए हैं। इनके अभ्यास से विद्यार्थी वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के प्रारूप को आसानी से समझ सकेंगे।
यह भी पढ़ें- एमपी के 4 बड़े शहरों में चलेंगी 2500 नई बसें, तय हुए नए रूट, निजी बस ऑपरेटरों से मांगे जाएंगे प्रस्ताव
मॉडल प्रश्नपत्रों में दिए गए अंक विभाजन के आधार पर विद्यार्थी यह जान पाएंगे कि किस प्रश्न के उत्तर में कितनी जानकारी लिखनी है। साथ ही निर्धारित अंक योजना के अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास भी कर सकेंगे।
मंडल ने सैंपल पेपर को लेकर दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि पोर्टल पर उपलब्ध माडल प्रश्नपत्रों का मुख्य परीक्षा में पूछे जाने वाले वास्तविक प्रश्नपत्रों से कोई संबंध नहीं होगा। विद्यार्थियों को इन्हें संभावित या विशेष प्रश्नपत्र मानकर तैयारी नहीं करनी चाहिए। इनका उद्देश्य केवल परीक्षा के प्रारूप, प्रश्नों के प्रकार और अंक योजना की जानकारी देना है।