MP राज्य पुलिस सेवा से IPS में चार अधिकारियों की पदोन्नति का प्रस्ताव छह माह से केंद्र में अटका
राज्य पुलिस सेवा से आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति के चार पदों के लिए 12 अधिकारियों के नाम केंद्र को फरवरी में भेजे गए थे, लेकिन डीपीसी की अनुमति अभी तक न ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Aug 2024 07:08:41 PM (IST)Updated Date: Sun, 18 Aug 2024 07:08:41 PM (IST)
वर्ष 1995 और 1997 बैच के अधिकारियों को दी जानी है पदोन्नतिHighLights
- 12 अधिकारियों के नाम केंद्र को भेजे गए
- अभी तक नहीं डीपीसी की अनुमति मिली
- 1995 और 1997 बैच के अधिकारी शामिल
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल : प्रदेश में राज्य पुलिस सेवा से आइपीएस संवर्ग में पदोन्नति के चार पदों के विरुद्ध राज्य शासन ने राज्य पुलिस सेवा के 12 अधिकारियों का नाम केंद्र को इसी वर्ष फरवरी में भेजा था, पर अभी तक डीपीसी की अनुमति नहीं मिली है। इनमें राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 1995 और 1997 बैच के अधिकारियों को पदोन्नति मिलेगी।
आचार संहिता बनी रोड़ा
पहले लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते पदोन्नति समिति की बैठक नहीं हो पाई। छह जून को आचार संहिता समाप्त होने के बाद से दो माह बीत चुके हैं, पर अभी तक पदोन्नति समिति की बैठक की तारीख निर्धारित नहीं हुई है। डीपीसी होने के बाद लगभग एक माह पदोन्नत अधिकारियों की सूची जारी होने में लगेंगे।
12 अधिकारियों के नाम
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि जिन 12 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। उनमें सबसे ऊपर 1995 बैच के प्रकाश चंद्र परिहार और इसके बाद क्रमश: 1997 बैच के दिलीप कुमार सोनी, सीताराम सत्या, अवधेश प्रताप सिंह बागरी, राजेंद्र कुमार वर्मा, अमृत मीणा, विक्रांत मुराब, 1998 बैच के सुरेन्द्र कुमार जैन, आशीष खरे, राजेश रघुवंशी, निमिषा पांडेय और राजेश कुमार मिश्रा शामिल हैं।
नियमित काडर रिव्यू नहीं होने के कारण आइपीएस अधिकारियों के पद कम हैं। उसी अनुपात में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति के पद भी कम हैं।