भोपाल प्रदर्शन की दो तस्वीरें: बच्ची को देख पुलिसकर्मी ने मां को भीड़ से किया दूर; दूसरी तरफ घसीटकर वैन में डाला
प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने जॉइनिंग और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन किया। थालियां बजाने और नारेबाजी से करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 10:48:23 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 10:48:23 AM (IST)
प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने जॉइनिंग और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन किया। नईदुनिया।HighLights
- प्रदर्शन के बीच मां-बेटी को सुरक्षित भीड़ से बाहर निकाला
- चक्काजाम खत्म कराने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई
- महिला प्रदर्शनकारियों को उठाकर पुलिस वैन और बस में बैठाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के व्यस्ततम बोर्ड ऑफिस चौराहे पर गुरुवार को प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों के उग्र प्रदर्शन के दौरान खाकी के दो बिलकुल अलग और विरोधाभासी चेहरे देखने को मिले। एक तरफ जहां पुलिसकर्मियों ने यातायात बहाल कराने के लिए प्रदर्शनकारी महिला अभ्यर्थियों को जबरन सड़क से उठाकर वैन में ठूंसा, वहीं दूसरी ओर एक महिला पुलिस अधिकारी की संवेदनशीलता ने सबका दिल जीत लिया।
नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों ने चौराहे के बीचोबीच बैठकर थालियां बजाईं और जमकर नारेबाजी की, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
तस्वीर-1: ममता का सम्मान, भीड़ से अलग की गई मां और मासूम
प्रदर्शन के दौरान जब माहौल गर्माने लगा और पुलिस प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ की तैयारी कर रही थी, तभी भीड़ के बीच गोद में मासूम बच्चे को लिए एक महिला अभ्यर्थी पर महिला पुलिस अधिकारी की नजर पड़ी।
धक्का-मुक्की और संभावित भगदड़ के खतरे को देखते हुए महिला अधिकारी ने तत्परता दिखाई और उस मां को बच्चे समेत सुरक्षित भीड़ से बाहर निकाला। खाकी का यह मानवीय चेहरा वहां मौजूद लोगों के लिए चर्चा का केंद्र बन गया।
तस्वीर-2: सड़क पर लेटीं महिला अभ्यर्थी, पुलिस ने जबरन उठाया
दूसरी ओर, जब चक्काजाम समाप्त कराने के लिए पुलिस बल ने सख्ती दिखाई, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस के हटाने की कोशिश पर कई महिला अभ्यर्थी विरोध जताते हुए सड़क पर ही लेट गईं। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें हाथों-पैरों से पकड़कर जबरन उठाया और खींचते हुए पुलिस वैन व बस में बैठाया।
मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई
उल्लेखनीय है कि प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी जॉइनिंग और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को अचानक बोर्ड ऑफिस चौराहे पर एकत्र हुए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए सड़क घेर ली।
पुलिस ने पहले उन्हें समझा-बुझाकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन जब अभ्यर्थी नहीं माने तो पुलिस को बलपूर्वक कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर अन्य स्थानों पर ले जाया गया।