बच्ची की हत्या पर बैरागढ़ में भड़के लोग, भोपाल-सीहोर मार्ग किया जाम, फास्ट ट्रैक कोर्ट और बुलडोजर एक्शन की मांग
बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। भोपाल-सीहोर मार्ग पर करीब दो किलोमीटर त...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 02:44:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 03:21:36 PM (IST)
घटना के विरोध में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। भोपाल-सीहोर मार्ग पर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। सौ- सोशल मीडियाHighLights
- बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की घटना का विरोध
- थाने का घेराव, भोपाल-सीहोर सड़क पर चक्काजाम
- आरोपी को सौंपने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई नृशंस दरिंदगी और हत्या की घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया है। शनिवार को बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने बैरागढ़ से भोपाल और सीहोर की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों लोग जाम में फंसे रहे।
थाने का घेराव, अंदर घुसने का प्रयास
गुस्साई भीड़ ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए, वे उसे खुद सजा देंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
इस दौरान भीड़ ने थाने के अंदर जबरदस्ती घुसने का भी प्रयास किया, जिसे पुलिस बल ने बाहर ही रोक लिया। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रही है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी, लेकिन प्रदर्शनकारी मानने को तैयार नहीं हैं।
बुलडोजर कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
सड़क पर डटे प्रदर्शनकारियों और हिंदू संगठनों ने मांग की है कि आरोपी के अवैध मकान पर तुरंत बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज किया जाए। इसके साथ ही इस सनसनीखेज मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द से जल्द पूरी कर आरोपी को फांसी की सजा दी जाए।
प्रदर्शनकारियों की यह भी मांग है कि पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी मौके पर आकर पीड़ित परिवार से मिलें और लिखित आश्वासन दें। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
खंडहर में मिला था शव, शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में पुष्टि
गौरतलब है कि बैरागढ़ में कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा इमारत में 12 वर्षीय बच्ची का शव बरामद हुआ था। मृतका के सामने के दो दांत टूटे हुए थे, मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। प्रारंभिक शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा और गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, लेकिन जनता का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है और क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।