भोपाल मेट्रो स्टेशनों पर ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन चालू, 30 अक्टूबर से 30 सेकंड में मिलेगा क्यूआर टिकट
भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर 30 अक्टूबर से ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। यात्री यूपीआई से भुगतान कर टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 10:38:35 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 10:38:35 AM (IST)
सभी मेट्रो स्टेशनों पर 30 अक्टूबर शुक्रवार से टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) की सुविधा शुरू की जा रही है। सौ-मेट्रोHighLights
- 30 अक्टूबर से ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा
- यात्री यूपीआई से भुगतान कर टिकट प्राप्त कर सकेंगे
- ई-वॉलेट रिचार्ज पर 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस मिलेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) भोपाल मेट्रो के यात्रियों के सफर को और अधिक सुगम व हाईटेक बनाने जा रहा है। प्रायोरिटी कॉरिडोर के सभी मेट्रो स्टेशनों पर 30 अक्टूबर शुक्रवार से टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) की सुविधा शुरू की जा रही है।
इस ऑटोमैटिक प्रणाली के जरिए यात्री बिना कतार में लगे 30 सेकंड में खुद अपना टिकट प्राप्त कर सकेंगे। सेवा को समावेशी बनाने के लिए मशीनों में दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु ब्रेल लिपि का विशेष प्रावधान भी किया गया है।
सभी स्टेशनों पर दो-दो मशीनें
मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और तेज टिकटिंग के लिए प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो टीवीएम लगाई गई हैं। यात्री स्क्रीन पर बाय क्यूआर टिकट चुनकर गंतव्य दर्ज करेंगे और स्क्रीन पर दिख रहे क्यूआर कोड को किसी भी यूपीआई एप से स्कैन कर सेकंडों में टिकट हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा यात्री एमपीएमआरसीएल एप, टिकट काउंटर और ई-वालेट से भी कैशलेस टिकटिंग का लाभ ले सकते हैं।
31 दिसंबर तक मिल रही है टिकटों पर बंपर छूट
यात्रियों के लिए 31 दिसंबर तक विशेष प्रमोशनल छूट भी जारी रहेगी। इसके तहत सिंगल जर्नी पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त, रिटर्न जर्नी पर कुल 30 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 35 प्रतिशत छूट मिल रही है। न्यूनतम दो यात्री मिलकर ग्रुप छूट का लाभ ले सकते हैं।
वहीं ई-वालेट रिचार्ज पर आठ से 15 प्रतिशत तक का बोनस दिया जा रहा है। 20 रुपये के सिंगल टिकट पर छूट लागू नहीं।