
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। इंद्रपुरी स्थित टी स्क्वायर कैफे में टीआईटी कॉलेज के सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच रैगिंग को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने जूनियर को चाकू और पिस्टल दिखाकर धमकाया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे क्राइम ब्रांच में पदस्थ आरक्षक पर भी पिस्टल तान दी और दोनों आरोपित मौके से भाग निकले। पिपलानी पुलिस ने मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह ने बताया कि बरामदगी के बाद ही स्पष्ट होगा कि पिस्टल असली थी या नकली।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय शिवांशु तिवारी आनंदनगर में रहता है और टीआईटी कॉलेज में बीफार्मा द्वितीय वर्ष का छात्र है। इसी कॉलेज में निजामुद्दीन कॉलोनी में रहने वाले पृथ्वीराज सिंह और राज सिंह बीटेक अंतिम वर्ष में पढ़ते हैं।
आरोप है कि पहले पृथ्वीराज और राज ने शिवांशु की रैगिंग की थी और उन्हें अधिक सम्मान देने की नसीहत दी थी। इसी बात को लेकर 16 अक्टूबर को दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। उस दौरान शिवांशु और उसके साथियों ने पृथ्वीराज के साथ मारपीट की थी। इस मामले में आनंदनगर चौकी में केस दर्ज किया गया था।
मंगलवार को इसी मामले में समझौते के लिए पृथ्वीराज ने शिवांशु को फोन कर बुलाया। रात करीब नौ बजे शिवांशु अपने दोस्तों के साथ इंद्रपुरी स्थित टी स्क्वायर पहुंचा, जहां पृथ्वीराज और राज पहले से मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने चाकू और पिस्टल दिखाकर उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान पास में मौजूद क्राइम ब्रांच के आरक्षक पंकज डेहरिया बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी पिस्टल तान दी और भाग गए। थाना प्रभारी चंद्रिका सिंह यादव ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पिस्टल की असलियत आरोपितों के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- लिफ्ट देने के बहाने बैठाया, रास्ता बदलकर 80 वर्षीय बुजुर्ग को पीटा... विदिशा में मारपीट कर छीने 9 हजार