
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार रोड के अब्बास नगर में मंगलवार को कोलार इंडेन गैस एजेंसी के कर्मचारी को भरे सिलिंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलिंडरों में भरते हुए पकड़ा गया। खाद्य विभाग, नापतौल विभाग और कोलार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 98 घरेलू गैस सिलिंडर, एक मिनी ट्रक, गैस अंतरण यंत्र और तौल कांटा जब्त किया गया। जांच में सात सिलिंडरों में निर्धारित मात्रा से करीब दो से तीन किलो तक गैस कम मिली है।
कोलार पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कोलार इंडेन गैस एजेंसी के वाहन में रखे सिलिंडरों से अवैध रूप से गैस निकाली जा रही है। इसके बाद खाद्य विभाग को सूचना दी गई। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पुष्पराज पाटिल और नापतौल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो एजेंसी का कर्मचारी संतोष खापरे गैस का अंतरण करता मिला।
प्रारंभिक जांच में सात भरे सिलिंडरों का वजन निर्धारित मात्रा से कम पाया गया। कर्मचारी ने बताया कि गोदाम से सिलिंडर भरकर लाने के बाद गैस अंतरण मशीन से उनमें से करीब दो से ढाई किलो गैस निकालता था। टीम ने मौके से 98 खाली और भरे घरेलू सिलिंडर, मिनी ट्रक, गैस अंतरण यंत्र और तौल कांटा जब्त किया है।
जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि इस तरीके से उपभोक्ताओं तक कम वजन के सिलिंडर पहुंचाए जाने की आशंका है।इसमें जांच की जा रही है कि कितने उपभोक्ताओं को ऐसे सिलिंडर सप्लाई किए गए। घरेलू गैस के अवैध अंतरण को लेकर द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के उल्लंघन का मामला बनाया गया है। जिसे जल्द ही कलेक्टर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छात्रों से सीएम मोहन यादव ने पूछा सवाल- क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? स्टूडेंट्स का रिएक्शन वायरल