
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। क्या आपकी रेल यात्राओं में कोई ऐसी कहानी छुपी है जो दूसरों का दिल जीत ले? भारतीय रेल और रेल मंत्रालय आपको अपनी लेखनी के जरिए इनाम जीतने का सुनहरा मौका दे रहे हैं। "रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार-2026" के जरिए आप अपने सफर के यादगार अनुभवों को दुनिया के सामने ला सकते हैं।
भारतीय रेल और रेल मंत्रालय ने रेल यात्राओं से जुड़े यादगार अनुभवों को मंच देने के लिए “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार-2026” प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता में लोग अपने रेल सफर से जुड़े रोचक अनुभव और कहानियां हिंदी में लिखकर भेज सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों को झटका! अब पुरी स्टेशन नहीं जाएगी इंदौर-पुरी एक्सप्रेस, रेलवे ने जारी किया अलर्ट
प्रथम पुरस्कार: 10,000 रुपये
द्वितीय पुरस्कार: 8,000 रुपये
तृतीय पुरस्कार: 6,000 रुपये
प्रेरणा पुरस्कार ( पांच विजेता): 4,000 रुपये प्रत्येक
ये रहेंगे प्रतियोगिता के नियम
प्रविष्टि भेजने से पहले इन तकनीकी बातों का खास ध्यान रखें:
शब्द सीमा: वृत्तांत 3000 से 3500 शब्दों के बीच होना चाहिए।
भाषा: प्रविष्टि केवल हिंदी में और मौलिक (Original) होनी चाहिए।
फॉर्मेट: रचना डबल स्पेस में टाइप की हुई हो, हर पेज पर पेज नंबर डालें और अंत में कुल शब्द संख्या जरूर लिखें।
व्यक्तिगत जानकारी: एक अलग पेज पर अपना नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, मातृभाषा और पदनाम लिखें।
घोषणा पत्र: सरकारी कर्मचारियों को 'अनुशासनात्मक मामला लंबित न होने' और अन्य को 'आपराधिक मामला विचाराधीन न होने' का प्रमाण/घोषणा देनी होगी।
प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि की दो प्रतियां (2 Copies) डाक के जरिए भेजनी होंगी।
अंतिम तिथि: 31 जुलाई 2026
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां दो प्रतियों में 31 जुलाई तक सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा नंबर-316, काफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 पते पर भेज सकते हैं।