
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आधुनिक अलार्म और चेतावनी सिस्टम लगाया जाएगा। दुर्घटना, आगजनी, प्राकृतिक आपदा या किसी अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही यह सिस्टम सक्रिय होकर स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को अलर्ट करेगा।
भोपाल रेल मंडल में इस व्यवस्था को विकसित करने के लिए करीब 4.45 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके तहत भोपाल रेलवे स्टेशन सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यह सुविधा विकसित करने की तैयारी है। इस काम की शुरुआत फरवरी 2027 से की जाएगी।
नई व्यवस्था का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में यात्रियों तक जल्द से जल्द सूचना पहुंचाना है। किसी स्टेशन पर आग लगने, दुर्घटना होने या अन्य किसी खतरे की स्थिति बनने पर अलार्म के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जाएगा। इसके साथ ही अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर जाने और स्टेशन परिसर खाली करने जैसे जरूरी निर्देश दिए जा सकेंगे। इससे अचानक होने वाली घटनाओं के दौरान यात्रियों में घबराहट और भगदड़ की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
इस पूरे सिस्टम की तकनीकी व्यवस्था रेलवे का सिग्नल विभाग करेगा। इसके लिए अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर काम किया जाएगा। सिस्टम के तहत स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों में चेतावनी देने की व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में एक साथ अधिक से अधिक यात्रियों तक सूचना पहुंचाई जा सके।
वर्तमान में किसी दुर्घटना या आपात स्थिति में यात्रियों को सतर्क करने के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम और रेलवे कर्मचारियों पर निर्भर रहना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद चेतावनी देने की प्रक्रिया अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी। बड़े स्टेशनों पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे यात्रियों को समय रहते खतरे की जानकारी देने, सुरक्षित निकासी और आपदा प्रबंधन में रेलवे प्रशासन को मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- विदिशा में गर्भवती नाबालिग की मौत निकली हत्या, अपहरण कर रचाई थी जबरन शादी; 5 आरोपी गिरफ्तार