
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, साफ-सफाई और खानपान व्यवस्था को लेकर रेलवे प्रशासन भले ही बड़े-बड़े दावे करता हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। स्टेशन पर खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है। यात्रियों को बिना निर्माण और एक्सपायरी डेट वाला पैक्ड खाना परोसा जा रहा है, जो उनकी सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सब जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों के सामने हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति नजर आ रही है। वहीं, कुछ वेंडर बेखौफ होकर रेलवे ट्रैक पार कर सामान ला-ले जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
भोपाल रेलवे स्टेशन स्थित एक्सप्रेस फूड सर्विस रेस्टोरेंट में बिना डेट वाला पैक्ड खाना यात्रियों को बेचा जा रहा है। खाने के पैकेट पर न तो पैकिंग की तारीख लिखी है और न ही एक्सपायरी डेट। ऐसे में यात्री यह तक नहीं जान पा रहे कि उन्हें दिया जा रहा खाना ताजा है या पुराना। यह खाद्य सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है। खास बात यह है कि यह रेस्टोरेंट डिप्टी एसएस ऑफिस के ठीक सामने स्थित है, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पहले भी इस रेस्टोरेंट पर नियम तोड़ने को लेकर जुर्माना लगाया जा चुका है, लेकिन हालात अब भी वैसे ही बने हुए हैं।
स्टेशन परिसर में कुछ वेंडर अब भी खुलेआम रेलवे ट्रैक पार कर सामान ला-ले जा रहे हैं। यह रेलवे के सुरक्षा नियमों के खिलाफ है। ट्रैक पार करते समय कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे स्टाफ की मौजूदगी के बावजूद इस लापरवाही पर रोक नहीं लग पा रही है। इससे साफ है कि नियमों का पालन कराने में रेलवे प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर नहीं आ रहा।
हम पहले भी वेंडरों को स्पष्ट निर्देश और नोटिस जारी कर चुके हैं कि सभी पैक्ड फूड आइटम्स पर निर्माण तिथि (मैन्युफैक्चरिंग डेट), ‘बेस्ट बिफोर’ और एक्सपायरी डेट अनिवार्य रूप से अंकित होना चाहिए। यदि इसके बावजूद स्टेशन परिसर में बिना निर्धारित जानकारी वाले खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं, तो संबंधित वेंडरों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। - मोहित यादव (कैटरिंग इंस्पेक्टर)
यह भी पढ़ें- शादी की खुशियां मातम में बदली, MP के बैतूल में बारात ले जा रहा वाहन पलटा, महिला और मासूम की मौत, एक दर्जन लोग घायल